पंचकूला पुलिस ने पकड़ी 50 लाख से अधिक कीमत की 256 ग्राम हेरोइन, अमृतसर से लाकर 1-1 ग्राम की बिट/पुड़िया बनाकर 2500 रुपये प्रति ग्राम बेचने की तैयारी में था आरोपी
तस्करों पर सख्ती, शुरुआती नशे के साधनों की जब्ती, स्कूलों में जागरुकता और नशा पीड़ितों के उपचार की मुहिम जारी: पुलिस कमिश्नर पंकज नैन
पंचकूला/ 18 सितंबर: हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश को नशामुक्त बनाने की दिशा में चलाए जा रहे अभियान के तहत पंचकूला पुलिस द्वारा पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में जिला में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा जहां एक ओर नशे की बड़ी खेप बरामद कर तस्करों को गिरफ्तार किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर नशे की शुरुआती आदतों पर रोक लगाने, युवाओं को जागरूक करने और नशा पीड़ितों को उपचार दिलाने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
इसी कड़ी में क्राइम ब्रांच-1 की टीम ने नशा तस्करी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 256 ग्राम हेरोइन बरामद की है। बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। आरोपी की पहचान मोहित कुमार निवासी गांव श्यामटू, थाना जिला पंचकूला उम्र 24 वर्ष के रूप में हुई है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार क्राइम ब्रांच-1 की टीम को 17 सितंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक हेरोइन की खेप लेकर पंचकूला-यमुनानगर मुख्य मार्ग पर मत्तेवाली फ्लाईओवर के पास खड़ा है। सूचना के आधार पर इन्चार्ज मनोज कुमार की अगुवाई में टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके पर काबू कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी से कुल 256 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना चंडीमंदिर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी अमृतसर से हेरोइन लेकर आता था और पंचकूला, ढकोली, जीरकपुर तथा आसपास के क्षेत्रों में बरामद हेरोइन को करीब 1-1 ग्राम की छोटी पुड़िया/बिट बनाकर लगभग 2500 रुपये प्रति ग्राम के हिसाब से बेचने की तैयारी में था। आरोपी को अदालत में पेश कर 5 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ कर हेरोइन के मुख्य सप्लायर और नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि पंचकूला पुलिस की कार्रवाई केवल बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों की बरामदगी और तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे की शुरुआती आदतों पर रोक लगाने के लिए भी व्यापक स्तर पर काम कर रही है। पुलिस की टीमें शिक्षण संस्थानों के आसपास छापेमारी कर कूल लिप, रोलिंग पेपर और अन्य ऐसे पदार्थों की जांच एवं जब्ती कर रही हैं, जिनका इस्तेमाल युवाओं को नशे की ओर ले जाने में किया जा सकता है। इसके साथ ही स्कूलों एवं शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ पंचकूला पुलिस की लड़ाई बहुआयामी तरीके से जारी है, जिसमें नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई, नशीले पदार्थों की बरामदगी, नशे की शुरुआती आदतों पर रोक, युवाओं में जागरूकता तथा नशा पीड़ितों को उपचार उपलब्ध करवाना शामिल है। पुलिस का उद्देश्य नशे के नेटवर्क को जड़ से कमजोर करने के साथ-साथ युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य की ओर प्रेरित करना है।
पंचकूला की हर बड़ी खबर के लिए Follow करें।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia