चटवापीपल में आधी रात को टूटा पहाड़, पेट्रोल पंप पर मचा हड़कंप!!!
भारी बारिश के बीच अचानक आया मलबा, जान बचाने को सुरक्षित जगह भागे कर्मचारी,, कुछ के चोटिल होने की सूचना,,
चमोली। पहाड़ों में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर चटवापीपल के पास बीती रविवार देर रात अचानक मलबा आने से अफरा-तफरी मच गई। पेट्रोल पंप के समीप पहाड़ी से अचानक भारी मलबा नीचे आ गया, जिससे वहां तैनात कर्मचारियों की जान पर बन आई। मलबा तेजी से आने के बाद कर्मचारियों ने किसी तरह मौके से निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर अपनी जान बचाई।
प्रत्यक्ष घटनाक्रम के अनुसार, देर रात बारिश के बीच पेट्रोल पंप के समीप अचानक पहाड़ी से मलबा और बोल्डर आने लगे। देखते ही देखते मलबा पेट्रोल पंप के आसपास पहुंच गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से वहां मौजूद कर्मचारियों में दहशत फैल गई। जान बचाने के लिए कर्मचारियों को सुरक्षित स्थान की ओर भागना पड़ा। घटना में कुछ कर्मचारियों को हल्की चोटें आने की जानकारी है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
बारिश के बीच मंडरा रहा भूस्खलन का खतरा
चमोली जिले में लगातार बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग समेत कई संवेदनशील स्थानों पर पहाड़ों से मलबा और पत्थर गिरने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में सड़क पर आवाजाही करने वाले यात्रियों के लिए भी खतरा बढ़ गया है।
मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किए जाने के बाद चमोली प्रशासन ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने का आग्रह किया है। वहीं, यात्रियों से भी मौसम और सड़क की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।
बारिश के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में अचानक मलबा और बोल्डर गिरने की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से किसी भी संवेदनशील स्थान पर रुकने से बचने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा है।