सिरोबगड़ में मलबा हटने के बाद बदरीनाथ हाईवे सुचारु!! लैंडस्लाइड जोन में घंटों बाधित रहा यातायात, मार्ग खुलते ही वाहनों की आवाजाही शुरू,,
जनपद रुद्रप्रयाग एवं पौड़ी गढ़वाल की सीमा पर स्थित सिरोबगड़ लैंडस्लाइड जोन में रविवार को पहाड़ी से मलबा आने के कारण बाधित हुआ बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग अब यातायात के लिए सुचारु कर दिया गया है।
रविवार 27 सितंबर 2026 को करीब 16:25 बजे मलबा आने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई थी। सूचना मिलते ही संबंधित विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर मार्ग से मलबा हटाने का कार्य शुरू किया।
मलबा पूरी तरह हटाए जाने के बाद हाईवे को यातायात के लिए खोल दिया गया। इसके बाद मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सामान्य रूप से शुरू हो गई।
हालांकि, सिरोबगड़ क्षेत्र लगातार भूस्खलन और पहाड़ी से मलबा गिरने की दृष्टि से संवेदनशील बना हुआ है। ऐसे में यात्रियों और वाहन चालकों से सावधानी बरतने तथा पहाड़ी से मलबा गिरने वाले स्थानों पर अनावश्यक रूप से रुकने से बचने की अपील की गई है।