केदारनाथ धाम में 24 घंटे से बारिश जारी, भीगते हुए दर्शन कर रहे बाबा के भक्त,,
आज की केदारनाथ यात्रा स्थगित, धाम में पहले से मौजूद श्रद्धालुओं की दर्शन के लिए लगी कतार!!
मौसम विभाग की चेतावनी के बीच केदारनाथ धाम में पिछले 24 घंटे से लगातार बारिश हो रही है। खराब मौसम और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए रविवार को केदारनाथ यात्रा स्थगित कर दी गई है। इसके बावजूद जो श्रद्धालु पहले से धाम पहुंच चुके हैं, उनका बाबा केदार के प्रति आस्था और उत्साह कम नहीं हुआ है। भारी बारिश के बीच श्रद्धालु कतार में खड़े होकर बाबा केदार के दर्शन कर रहे हैं।
धाम में लगातार हो रही बारिश के कारण ठंड भी बढ़ गई है। बारिश के बीच श्रद्धालु छाते और बरसाती के सहारे दर्शन के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में मौसम खराब बना हुआ है।
बीकेटीसी सदस्य डॉ. विनीत पोस्ती ने बताया कि खराब मौसम के बावजूद केदारनाथ धाम में पहले से मौजूद श्रद्धालु दर्शन कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आज यात्रा को स्थगित रखा गया है। मौसम में सुधार होने के बाद ही यात्रा संचालन को लेकर आगे निर्णय लिया जाएगा।
प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से यात्रियों से मौसम को देखते हुए सतर्कता बरतने तथा अनावश्यक जोखिम न लेने की अपील की गई है। लगातार बारिश के कारण केदारनाथ यात्रा मार्ग और अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है।