जिलाधिकारी, मुजफ्फरपुर श्री कुमार गौरव द्वारा आज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, मीनापुर का औचक निरीक्षण किया गया। उन्होंने अस्पताल में विभिन्न वार्ड एवं कक्षों का निरीक्षण किया तथा मरीजों एवं उनके परिजनों से सेवाओं की उपलब्धता एवं गुणवता के बारे में फीडबैक लिया। जिलाधिकारी द्वारा रोगियों का पंजीकरण, चिकित्सकों का डयूटी रोस्टर एवं उनकी कर्तव्य पर उपस्थिति, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, टीकाकरण, ओपीडी एवं आईपीडी का संचालन, इमरजेन्सी सेवाओं की उपलब्धता, संस्थागत प्रसव में प्रगति, प्रसूताओं एवं नवजात शिशुओं का उपचार तथा देखभाल, एक्स-रे कक्ष, यक्ष्मा का उपचार, एईएस, आॅपरेशन थिएटर का संचालन, भव्या डिजिटल काउन्टर, गैर संचारी रोग (एनसीडी) क्लिनिक, ट्राईएज रूम, परिवार नियोजन कार्यक्रम सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता का एक-एक कर विस्तृत निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने मरीजों के लिए बेहतर सुविधाओं पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है। आज औचक निरीक्षण किया गया जिसमें स्थिति बेहतर पाई गई है। रोगियों एवं परिजनों द्वारा भी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में सेवाओं की गुणवतापूर्ण उपलब्धता पर प्रसन्नता व्यक्त की गई है।ज़िलाधिकारी ने कहा कि प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को सरकार के आदेशों के अनुसार मरीजों के लिए गुणवतापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा सदैव उपलबध कराने हेतु सजग एवं तत्पर रहने का निदेश दिया गया है।अधिकारियों को जरूरतमंदों के इलाज के लिए संवेदनशीलता प्रदर्शित करने के साथ मुख्य मानकों (इन्डिकेटर्स) यथा संस्थागत प्रसव, ओपीडी, आईपीडी, प्रसव पूर्व देखभाल (एएनसी), टीकाकरण, बाल एवं मातृ स्वास्थ्य आच्छादन इत्यादि पर विशेष ध्यान देने तथा लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि हेतु तत्परता से कार्य करने का निदेश दिया गया है।
जिलाधिकारी द्वारा लगभग एक घंटा तक सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया गया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डाॅ. राकेश कुमार द्वारा जिलाधिकारी के संज्ञान में स्वास्थ्य केन्द्र के संचालन के बारे में विभिन्न तथ्यों एवं उपलब्धियों को लाया गया। उन्होंने कहा कि रोगियों के इलाज हेतु बेहतर-से-बेहतर कार्य किया जा रहा है। रोगियों का फुटफाॅल काफी अच्छा है। ओपीडी में प्रतिदिन औसतन 250 से 300 मरीजों को देखा जाता है। आईपीडी में भी रोगियों की अच्छी संख्या रहती है। इस वर्ष इमरजेन्सी में 23,887 मरीजों को देखा गया है। नियमित टीकाकरण में अगस्त माह में उपलब्धि 103 प्रतिशत तथा अपै्रल से अगस्त माह तक की उपलब्धि 99 प्रतिशत है। पूर्ण टीकाकरण में अगस्त माह की उपलब्धि 98 प्रतिशत तथा अपै्रल से अगस्त माह तक की उपलब्धि 102 प्रतिशत है। एचपीवी गार्डाशील का आच्छादन 10 सितम्बर, 2026 तक शत-प्रतिशत है। मार्च से अभी तक 1,44,975 मरीजों का टीबी स्क्रिनिंग किया गया है। जिलाधिकारी ने सेवाओं की उपलब्धता एवं विभिन्न इंडिकेटर्स पर लक्ष्य के विरूद्ध बेहतर प्रगति की सराहना करते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को मरीजों को हमेशा उत्कृष्ट सुविधा उपलब्ध कराने हेतु प्रतिबद्ध रहने का निदेश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि मरीजों के हित में हर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वर्तमान में इस सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में मरीजों के फुटफाॅल में काफी वृद्धि हुई है। लाभुकों को विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। रोगियों के हित को ध्यान में रखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के नए भवन के निर्माण हेतु जिला प्रशासन द्वारा सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। विभाग से समन्वय कर इस कार्य में तेजी लायी जाएगी। यहाँ *सिजेरियन सेक्शन से ऑपरेशन को प्रारम्भ करने की कार्रवाई की जा रही है।* मरीजों को डिजिटल एक्स रे की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए भी कार्य किया जा रहा है। आवश्यकता के अनुसार एयर कंडिशनिंग सिस्टम को सुदृढ़ करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सभी स्टेकहोल्डर्स को सजग रहना होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जब कोई जरूरतमंद व्यक्ति इलाज हेतु अस्पताल जाए तो यह सुनिश्चित करें कि उन्हें समुचित सुविधा मिले। समय पर उनका उपचार हो। अस्पताल में चिकित्सक रोस्टर के अनुसार ऑन ड्यूटी रहें। रोगियों को प्रावधानों के अनुसार निःशुल्क दवा एवं जाँच प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ गरीबों तक ससमय पहुँचे यह सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं की गुणवता में उत्तरोत्तर वृद्धि एवं विकास से लोगों का विश्वास बढ़ेगा। इसके लिए संबंधित पदाधिकारियों को व्यक्तिगत अभिरूचि लेकर कार्य करने को कहा गया है। साथ ही जिला प्रशासन द्वारा सभी स्वास्थ्य संस्थानों का नियमित रूप से जांच भी कराया जा रहा है।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
State Health Society, Bihar
Bihar Health Department