*डीडीसी ने सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय), मोतीपुर का किया निरीक्षण*
*विद्यार्थियों से संवाद कर साझा किए अनुभव, विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों की ली जानकारी*
उप विकास आयुक्त, मुजफ्फरपुर श्री निशांत सिहारा द्वारा आज सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय), मोतीपुर का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने विद्यालय में संचालित विभिन्न कक्षाओं का जायजा लिया तथा विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने कक्षा में विद्यार्थियों के साथ बैठकर शिक्षण गतिविधियों का अनुभव प्राप्त किया तथा अपने अनुभव भी विद्यार्थियों के साथ साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, निरंतर अध्ययन एवं रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
उप विकास आयुक्त द्वारा विद्यालय में संचालित कंप्यूटर कक्ष, पुस्तकालय सहित अन्य शैक्षणिक एवं विद्यार्थियों से संबंधित गतिविधियों की गहन समीक्षा की गई। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को कंप्यूटर शिक्षा एवं पुस्तकालय के अधिकाधिक उपयोग को बढ़ावा देने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उन्होंने विद्यालय में साप्ताहिक रूप से पैरेंट्स मीटिंग आयोजित करने का निर्देश दिया, ताकि विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, शैक्षणिक प्रगति एवं उनकी आवश्यकताओं की जानकारी अभिभावकों के साथ साझा की जा सके।
निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त ने विद्यार्थियों से विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न भी पूछे, जिनका विद्यार्थियों द्वारा संतोषजनक उत्तर दिया गया। विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं ज्ञान से प्रभावित होकर उन्होंने उनकी सराहना की तथा उनका उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा को और अधिक निखारने एवं उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के लिए समय-समय पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन कराने का निर्देश विद्यालय प्रबंधन को दिया।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ कंप्यूटर ज्ञान, पुस्तकालय का नियमित उपयोग, रचनात्मक गतिविधियां एवं प्रतियोगिताओं में सहभागिता भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को इन सभी क्षेत्रों में निरंतर बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Bihar Education Department