योगी आदित्यनाथ महाराज के 55वें जन्मोत्सव पर भव्य शपथ ग्रहण एवं संत सम्मान समारोह सम्पन्न, समाजसेवा एवं राष्ट्र निर्माण के लिए लिए गए ऐतिहासिक संकल्प
गुरुग्राम, गौरव गर्ग,5 जून । सत्य सनातन गौ सेवा संस्थान के तत्वावधान में गोरक्ष पीठाधीश्वर एवं उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री परम पूज्य महंत योगी आदित्यनाथ महाराज के 55वें जन्मोत्सव के पावन अवसर पर इंटरनेशनल दिल्ली पब्लिक स्कूल, सेक्टर-5, गुरुग्राम में भव्य शपथ ग्रहण समारोह, संत सम्मान समारोह, गौ सेवा कार्यक्रम एवं विशाल भंडारे का सफल आयोजन सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में देश के विभिन्न क्षेत्रों से संत-महात्माओं, समाजसेवियों, शिक्षाविदों, गौभक्तों एवं सनातन धर्मावलंबियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सत्य सनातन गौ सेवा संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूज्य शिवनाथ योगी जी महाराज ने की। वहीं संस्थान के धर्माचार्य प्रमुख भारत परम पूज्य राजकुमार स्वामी जी की विशेष उपस्थिति एवं आध्यात्मिक मार्गदर्शन कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। अपने उद्बोधन में उन्होंने सनातन संस्कृति, गौ संरक्षण, सेवा एवं राष्ट्र निर्माण में संत समाज की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए संगठन के कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर संगठन विस्तार एवं जनसेवा को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से विभिन्न महत्वपूर्ण नियुक्तियों की घोषणा की गई। परम पूज्य श्री राजकुमार स्वामी जी को धर्माचार्य प्रमुख भारत, श्रीमती ममता भारद्वाज को राष्ट्रीय महिला मोर्चा अध्यक्ष, श्री ओ.पी. शर्मा को जिला अध्यक्ष, गुरुग्राम तथा स्वामी चंद्रशेखर जी को राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन, राष्ट्र एवं समाज सेवा के प्रति समर्पण भाव से कार्य करने की शपथ ग्रहण की।
कार्यक्रम की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों में समाज सेवा एवं जनकल्याण से जुड़े ऐतिहासिक संकल्प रहे। शपथ ग्रहण समारोह में यह घोषणा की गई कि सत्य सनातन गौ सेवा संस्थान प्रत्येक वर्ष आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों की कम से कम पाँच बेटियों का विवाह अपने स्तर पर संपन्न कराएगा। इसके साथ ही संगठन द्वारा एक जरूरतमंद बालक को औपचारिक रूप से गोद लिया गया। संस्थान ने उस बालक की शिक्षा, स्वास्थ्य, पालन-पोषण एवं सर्वांगीण विकास की संपूर्ण जिम्मेदारी ग्रहण की। बालक की पढ़ाई-लिखाई सहित उसके विकास के लिए आवश्यक सभी खर्चों का वहन संस्था द्वारा किए जाने का संकल्प लिया गया। उपस्थित सभी संत-महात्माओं, पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने इन जनकल्याणकारी संकल्पों को पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ पूरा करने की शपथ ली।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान उपस्थित संत समाज, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने यह संकल्प भी लिया कि वे राष्ट्रवादी विचारधारा, सनातन संस्कृति, गौ सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने महंत योगी आदित्यनाथ जी महाराज के नेतृत्व में अपनी आस्था व्यक्त करते हुए उन्हें भविष्य में भारत के प्रधानमंत्री के रूप में देखने का संकल्प एवं समर्थन व्यक्त किया।
संस्थान के राष्ट्रीय संयोजक एवं कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सत्य सनातन गौ सेवा संस्थान केवल धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के वंचित, असहाय एवं जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए भी समर्पित भाव से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन का लक्ष्य सेवा, संस्कार और सामाजिक समरसता के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाना है।
कार्यक्रम में पूज्य भारती योगी जी की गरिमामयी उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इसके अतिरिक्त श्री शीतला शक्तिपीठ, कड़ा धाम से पधारे पूज्य श्री गोपाल दास जी महाराज तथा रोहतक से पधारे पूज्य एस.के. स्वामी जी एवं पूज्य अंकुश आचार्य जी जी महाराज की पावन उपस्थिति ने समारोह की गरिमा को और बढ़ाया। सभी संत-महात्माओं ने अपने आशीर्वचनों में गौ सेवा, सनातन संस्कृति के संरक्षण, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। उनके प्रेरणादायी विचारों ने उपस्थित जनसमूह को सेवा, संस्कार एवं राष्ट्रहित के कार्यों के लिए प्रेरित किया।
साथ ही इंटरनेशनल दिल्ली पब्लिक स्कूल की समस्त शाखाओं के प्रधानाचार्यगण, समन्वयकगण, शिक्षकगण, प्रबंधन समिति के सदस्यगण एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उल्लेखनीय सहभागिता ने समारोह की भव्यता को और बढ़ाया। इंटरनेशनल दिल्ली पब्लिक स्कूल, सेक्टर-5, गुरुग्राम की प्रधानाचार्या डॉ. उषा यादव जी ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समारोह के दौरान संत सम्मान, गौ सेवा एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं उपस्थित अतिथियों ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी संतों, अतिथियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने महंत योगी आदित्यनाथ जी महाराज के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं राष्ट्रसेवा के प्रति उनके समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें जन्मोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएँ अर्पित कीं।
जय गौ माता । जय सनातन । हर हर महादेव ।
Jhajjar, Jhajjar | Jun 5, 2026