Public App Logo
आबादी के पास दिनदहाड़े घोड़े को खींच ले गया विशालकाय बाघ, झूला पुल चौराहे के पास दहशत!! रामनगर के गर्जिया क्षेत्र में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक विशालकाय टाइगर आबादी से सटे हाईवे इलाके में दिनदहाड़े एक घोड़े को अपना निवाला बनाकर जंगल की ओर खींच ले गया, यह पूरी घटना दोपहर करीब 1:30 बजे झूला पुल चौराहे के समीप पूर्व में बनाए गए गर्जिया पर्यटन जोन के गेट के पास नेशनल हाईवे 309 की बताई जा रही है। घटना के बाद आसपास रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि बाघ ने आबादी के बेहद करीब घोड़े पर हमला किया और उसे घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया, इस दौरान आसपास मौजूद लोगों की तेज आवाजें भी सुनाई दे रही थीं,दिन के उजाले में आबादी के नजदीक बाघ की इस तरह मौजूदगी ने एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष की चिंता बढ़ा दी है. जिस स्थान पर यह घटना हुई है, वह झूला पुल चौराहे के समीप होने के साथ ही आबादी से बिल्कुल सटा हुआ क्षेत्र है, यहां दिन के समय भी बड़ी संख्या में लोग आवाजाही करते हैं और स्थानीय लोग झूला पुल की तरफ आते-जाते रहते हैं, ऐसे में बाघ की मौजूदगी लोगों के लिए गंभीर खतरा बन सकती है! घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर गश्त बढ़ा दी है,रामनगर वन प्रभाग के रेंज अधिकारी कृष्णा सिंह मेहरा ने बताया कि विभाग द्वारा क्षेत्र में लगातार निगरानी की जा रही है और बाघ की लोकेशन ट्रेस करने के प्रयास किए जा रहे हैं, उन्होंने लोगों से जंगल और उसके आसपास के क्षेत्रों में न जाने की अपील की है! वन विभाग ने विशेष रूप से लोगों को झूला पुल की तरफ जाने से बचने की सलाह दी है, विभाग का कहना है कि बाघ की मौजूदगी को देखते हुए किसी भी तरह की लापरवाही भारी पड़ सकती है, फिलहाल वन विभाग की टीमें बाघ की गतिविधियों और उसकी संभावित लोकेशन पर नजर बनाए हुए हैं! दिनदहाड़े आबादी के पास बाघ द्वारा घोड़े को निवाला बनाए जाने की इस घटना ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है,लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बाघ की लगातार गतिविधियां सामने आ रही हैं, ऐसे में वन विभाग को गश्त और निगरानी और अधिक बढ़ाने की जरूरत है! - Rudraprayag News