‘संकल्प संध्या’ की शुरुआत, अब शाम में भी पढ़ेंगे सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी
जमुई: सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों की शैक्षणिक दक्षता बढ़ाने और परीक्षा की बेहतर तैयारी कराने के उद्देश्य से जिले में ‘संकल्प संध्या’ कार्यक्रम की शुरुआत की गई। मंगलवार को पीएमश्री +2 उच्च विद्यालय, जमुई में जिला पदाधिकारी ने इस विशेष शैक्षणिक पहल का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के तहत 17 नवंबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक कक्षा 9 से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए प्रतिदिन शाम 5 बजे से 7:30 बजे तक निःशुल्क विशेष कक्षाएं संचालित होंगी।
इन कक्षाओं में अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, कंप्यूटर साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की पढ़ाई कराई जाएगी। स्मार्ट बोर्ड और डिजिटल संसाधनों का भी उपयोग होगा।
जिला पदाधिकारी ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन, निरंतरता और नियमित अभ्यास के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, जिला शिक्षा पदाधिकारी ने अनुभवी शिक्षकों एवं सेवानिवृत्त अधिकारियों से इस अभियान से जुड़कर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने की अपील की।
Jamui, Jamui | Nov 17, 2026