नशा मुक्त हरियाणा अभियान को मिलेगी मजबूती, पंचकूला के 300 शिक्षक बने अभियान का हिस्सा
युवाओं को नशे से बचाने के लिए शिक्षक निभाएं अहम भूमिका: हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो
पंचकूला, 20 नवंबर : हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कण्ट्रोल ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार के दिशानिर्देशों एवं पुलिस उप महानिरीक्षक मनबीर सिंह के नेतृत्व में हरियाणा के प्रत्येक जिला में नशे के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी, उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा उच्चाधिकारियों के निर्देशों से प्रदेशभर में साइकिल के साधन का प्रयोग करते हुए जन-जन को नशे के विरुद्ध जागरूक करने में जुटे हुए हैं। इस कड़ी में आज पंचकूला जिले के 300 शिक्षकों को नशे के विरुद्ध अभियान से जोड़ा गया।
जिला पंचकूला में आयोजित विशेष प्रशिक्षण के अंतर्गत हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कण्ट्रोल ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने विशेष रूप से इस कार्यक्रम में पहुंचकर शिक्षकों को नशा मुक्त अभियान से जोड़ा और बताया कि नशा मुक्त अभियान को सफल बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक माता-पिता अभिभावक और शिक्षकों का इस और विशेष दायित्व बन जाता है। उन्होंने कहा कि आज बच्चों को समय और संस्कार देकर उन्हें सद्मार्ग पर लाया जा सकता है।
उन्होने कहा कि नशे से दूर रहें, स्वस्थ रहें और अपने कार्य में व्यस्त रहें। उन्होंने प्रतिबंधित नशों के बारे विस्तार से बताया कि किस प्रकार ये नशे न केवल मनुष्य के स्वास्थ्य, चरित्र, व्यवहार और परिवार के साथ साथ राष्ट्र को क्षति पहुंचाते हैं अपितु राष्ट्र को कमजोर करते हैं क्योंकि युवा ही देश की धरोहर है। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित नशों के विरुद्ध 1933 अथवा 9050891508 पर सम्पर्क करें और यदि कोई नशा छोड़ना चाहता है तो इसकी जानकारी दंे। यह कार्यक्रम विभिन्न छ सत्रों में आयोजित किया गया।