Public App Logo
Profile Picture

DEV DARSHAN SHARMA

@samacharsansarnews24
239Followers
4Following
जन संवाद संगठन की नई रणनीति से हलचल, बड़े सामाजिक संगठनों को साथ लाने की तैयारी प्रेस कॉन्फ्रेंस, दी जानकारी!

विशाल रूप लेकर मैदान में उतरा ‘जन संवाद संगठन’

बड़े सामाजिक संगठनों को साथ जोड़कर जनहित के मुद्दों पर होंगे बड़े कार्यक्रम और प्रेस कॉन्फ्रेंस

चंडीगढ़। समाज कल्याण, जनहित और आम जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाने के उद्देश्य से ‘जन संवाद संगठन’ ने अपने विस्तार और आगामी गतिविधियों को लेकर एक विशेष बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता संगठन की अध्यक्ष डॉ. मीना गर्ग ने की। इस अवसर पर संगठन के उपाध्यक्ष सुमित कुमार तथा जनरल सेक्रेटरी शिवम गर्ग विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में संगठन की भावी कार्ययोजनाओं, समाज कल्याण से जुड़े कार्यों तथा आम जनता से संबंधित प्रमुख मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं को एक मंच पर लाने को लेकर भी महत्वपूर्ण विचार-विमर्श हुआ। अध्यक्ष डॉ. मीना गर्ग ने कहा कि जन संवाद संगठन अब व्यापक स्तर पर कार्य करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। संगठन का उद्देश्य समाज के हर वर्ग की आवाज़ को मंच देना और जनसमस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास करना है। आने वाले समय में शहर के बड़े-बड़े सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक, युवा एवं जनकल्याणकारी संगठनों को संगठन के साथ जोड़ा जाएगा, ताकि सामूहिक प्रयासों से जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाया जा सके। उन्होंने कहा कि संगठन की ओर से आने वाले समय में बड़े-बड़े सामाजिक एवं जनहित कार्यक्रमों के साथ-साथ नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस भी आयोजित की जाएंगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों, सामाजिक समस्याओं और संगठन की आगामी गतिविधियों को मीडिया के सामने प्रमुखता से रखा जाएगा, ताकि संबंधित विषयों को व्यापक स्तर पर उठाया जा सके। उपाध्यक्ष सुमित कुमार ने कहा कि युवाओं और समाज के नागरिकों को साथ लेकर जनकल्याणकारी गतिविधियों को नई गति दी जाएगी। विभिन्न संगठनों और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से एक ऐसा मजबूत मंच तैयार करने का प्रयास रहेगा, जहां आम जनता अपनी समस्याओं और सुझावों को खुलकर रख सके।
जनरल सेक्रेटरी शिवम गर्ग ने कहा कि संगठन आने वाले दिनों में विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय होकर समाजहित के कार्यक्रम आयोजित करेगा तथा अधिक से अधिक सामाजिक संस्थाओं और नागरिकों को इसके साथ जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रेस कॉन्फ्रेंस, जनसंवाद कार्यक्रम, जागरूकता अभियान और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से जनता से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा।
बैठक के दौरान संगठन की आगामी गतिविधियों, विस्तार अभियान, प्रेस कॉन्फ्रेंस और बड़े जनहित कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
ट्रैफिक से थाना-चौकी तक जनता के बीच बेहतर पुलिसिंग की पहल, पंचकूला पुलिसकर्मियों ने सीखे तनाव प्रबंधन और प्रभावी जनसंपर्क के गुर

2 दिवसीय सॉफ्ट स्किल्स प्रशिक्षण कार्यक्रम का डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह की मौजूदगी में हुआ समापन

पंचकूला/03 अक्टूबर: पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता, व्यवहार एवं जनसंपर्क कौशल को बेहतर बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर पंचकूला आईपीएस पंकज नैन की पहल पर पुलिस लाइन स्थित जीओ मैस में आयोजित दो दिवसीय “सॉफ्ट स्किल्स: एडवांस्ड टेक्निक्स इन पीपल मैनेजमेंट” प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज समापन हुआ। समापन अवसर पर डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के साथ थाना एवं चौकी में तैनात पुलिसकर्मियों ने भी भाग लिया और तनावपूर्ण परिस्थितियों में संयम बनाए रखने, प्रभावी संवाद तथा विवादों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने की तकनीकें सीखीं।

डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार पुलिसकर्मी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ प्रतिदिन आमजन, वाहन चालकों और राहगीरों से सीधे संवाद करते हैं। ऐसे में धैर्य, सकारात्मक दृष्टिकोण और परिस्थितियों के अनुसार उचित निर्णय लेने की क्षमता पुलिसिंग का अहम हिस्सा है। प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को कठिन परिस्थितियों में शांत रहकर लोगों से सम्मानजनक तरीके से बातचीत करने और समस्या को बिना बढ़ाए समाधान की दिशा में आगे बढ़ने के व्यावहारिक तरीके बताए गए।

डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह के अनुसार, प्रशिक्षण कार्यक्रम में थ्राइव स्किल्स स्टूडियो की संस्थापक एवं सीईओ प्रीति सिंह ने प्रभावी संचार, बेहतर व्यवहार, संघर्ष की स्थिति को नियंत्रित करने, दबाव में संयम बनाए रखने तथा आमजन का विश्वास हासिल करने से जुड़ी महत्वपूर्ण तकनीकों पर प्रशिक्षण दिया। पुलिसकर्मियों को यह भी समझाया गया कि ड्यूटी के दौरान चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भावनात्मक संतुलन बनाए रखते हुए सकारात्मक एवं सम्मानजनक संवाद कैसे किया जाए।

ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के लिए यह प्रशिक्षण विशेष रूप से उपयोगी रहा, क्योंकि उन्हें सड़क पर रोजाना अलग-अलग परिस्थितियों और व्यवहार वाले लोगों से सामना करना पड़ता है। वहीं थाना एवं चौकी स्तर पर तैनात पुलिसकर्मी भी शिकायतों, विवादों और अन्य परिस्थितियों में जनता के सीधे संपर्क में रहते हैं। ऐसे में संवाद एवं व्यवहार-कुशलता को मजबूत करने से पुलिस की कार्यप्रणाली और जनसंपर्क दोनों को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन का मानना है कि पुलिसिंग केवल कानून लागू करने तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता के साथ विश्वास का संबंध कायम करना भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है। पुलिसकर्मियों को हर परिस्थिति में कानून के प्रति दृढ़ रहते हुए व्यवहार में संयम, सम्मान और संवेदनशीलता बनाए रखनी चाहिए। इस प्रकार के प्रशिक्षण तनावपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर निर्णय लेने और पुलिस-जनता के बीच सहयोग को मजबूत करने में सहायक हैं।

इस मौके पर एसीपी ट्रैफिक सुरेंद्र सिंह, सिटी ट्रैफिक एसएचओ वरिंदर कुमार, ट्रैफिक पुलिस, थाना व चौकी में तैनात पुलिसकर्मियों ने हिस्सा लिया।
जकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कालका में अंगदान जागरूकता शिविर आयोजित

पंचकूला/कालका, 3 अक्टूबर: राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कालका की एनएसएस इकाइयों द्वारा आज रोटरी क्लब, कालका के सहयोग से अंगदान जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सीमा सिंह के मार्गदर्शन में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. आशीष कुमार एवं सुश्री सविता द्वारा किया गया।

इस अवसर पर सुश्री सरयू डी. मद्रा, कंसल्टेंट, ROTTO North, PGI ने अंगदान के महत्व पर जागरूकता व्याख्यान दिया तथा विद्यार्थियों को अंगदान के माध्यम से जीवन बचाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में लगभग 83 एनएसएस स्वयंसेवकों ने भाग लिया और अंगदान को बढ़ावा देने तथा इसके प्रति समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ ली। प्राचार्या डॉ. सीमा सिंह ने स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि अंगदान मानवता की सेवा का एक महान कार्य है।
आज ताऊ देवी लाल स्टेडियम में क्रिकेट का महाकुंभ, बी. प्राक की आवाज पर झूमेगा पंचकूला

नमो क्रिकेट लीग के ग्रैंड फिनाले में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल होंगे मुख्य अतिथि, विजेता को 21 लाख और उपविजेता को 11 लाख रुपये

पंचकूला, 3 अक्टूबर:  सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में रविवार को क्रिकेट, मनोरंजन और संगीत का भव्य संगम देखने को मिलेगा। सुदेश भंडारी चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित नमो क्रिकेट लीग-2026 का ग्रैंड फिनाले आज खेला जाएगा। खिताबी मुकाबले को लेकर खिलाड़ियों के साथ-साथ क्रिकेट प्रेमियों में भी खासा उत्साह है। मैदान पर जहां दोनों टीमें ट्रॉफी के लिए जोर लगाएंगी, वहीं शाम को मशहूर गायक बी. प्राक अपनी प्रस्तुति से समां बांधेंगे।

मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी ने बताया कि लीग के समापन समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। फाइनल मुकाबले के बाद पुरस्कार वितरण समारोह होगा। खेल और संगीत के इस संगम को लेकर स्टेडियम में विशेष तैयारियां की गई हैं।

*विजेता टीम को 21 लाख की इनामी राशि*
मीडिया कोऑर्डिनेटर संजीव सूद ने बताया कि लीग के फाइनल के साथ खिलाड़ियों पर इनामों की बौछार होगी। विजेता टीम को 21 लाख रुपये, उपविजेता टीम को 11 लाख रुपये, तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को पांच लाख रुपये और चौथे स्थान पर रहने वाली टीम को 2.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अलावा व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर भी खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।

फाइनल मुकाबले में हर चौका-छक्का और विकेट के साथ रोमांच बढ़ने की उम्मीद है। दोनों टीमों के खिलाड़ी खिताबी जीत के लिए मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के इरादे से उतरेंगे।

*क्रिकेट के बाद बी. प्राक की सुरमयी शाम*
फाइनल मुकाबले के बाद लोकप्रिय गायक बी. प्राक की प्रस्तुति कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहेगी। उनकी आवाज पर क्रिकेट प्रेमियों के साथ शहर के युवा भी झूमते नजर आएंगे। आयोजकों के अनुसार बड़ी संख्या में दर्शकों के स्टेडियम पहुंचने की उम्मीद है और उनके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।

सुदेश भंडारी चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रवक्ता मुकेश सिंगला ने कहा कि लीग के फाइनल को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने कहा कि आयोजन के दौरान खेल के साथ युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और उन्हें खेलों से जोड़ने का संदेश भी दिया गया है।

खेल के साथ युवाओं को सकारात्मक संदेश
नमो क्रिकेट लीग के आयोजन का उद्देश्य केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं रहा। आयोजकों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने और उन्हें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के लिए मंच देने पर जोर दिया। उनका कहना है कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का माध्यम हैं।
अब लीग का अंतिम पड़ाव सामने है। एक तरफ खिलाड़ी ट्रॉफी और लाखों रुपये की इनामी राशि के लिए मैदान में दम लगाएंगे, तो दूसरी ओर दर्शकों को बी. प्राक की प्रस्तुति का आनंद मिलेगा। ऐसे में रविवार को ताऊ देवी लाल स्टेडियम में क्रिकेट के रोमांच के साथ संगीत की महफिल भी सजेगी।
खेलते-खेलते घर से बाजार पहुंचा 3 वर्षीय मासूम, पंचकूला पुलिस की तत्परता से 2 घंटे में परिवार से मिला

पंचकूला/ 03 अक्टूबर:-पंचकूला पुलिस ने अपनी मुस्तैदी, त्वरित प्रतिक्रिया और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक 3 वर्षीय मासूम बच्चे को गुम होने के मात्र दो घंटे के भीतर सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। स्थानीय निवासियों और बच्चे के माता-पिता ने पंचकूला पुलिस की इस कार्यप्रणाली और तत्परता की सराहना की है।

घटनाक्रम के अनुसार, आज पंचकूला के बरवाला क्षेत्र से सुबह करीब 11 बजे एक 3 वर्षीय बच्चा घर के पास अकेले खेलते-खेलते भटककर नजदीकी मुख्य बाजार में जा पहुंचा। इस दौरान बच्चे के माता-पिता किसी काम से बाहर गए हुए थे और घर पर मौजूद दादा-दादी को लगा कि बच्चा भी अपने माता-पिता के साथ ही गया है। इसी गफलत और गलतफहमी के कारण मासूम अकेला ही भीड़भाड़ वाले बाजार की ओर निकल गया।

डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि जैसे ही पुलिस को अकेले घूम रहे बच्चे के संबंध में सूचना प्राप्त हुई, बिना एक पल गंवाए ईआरवी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम द्वारा बच्चे को सुरक्षित बरवाला चौकी में लाया गया और प्यार से संभालते हुए उसके परिवार के बारे में जानकारी जुटाना शुरू किया। बरवाला पुलिस चौकी और ईआरवी टीम के प्रयासों के चलते महज 2 घंटे के भीतर परिजनों की पहचान कर ली गई और बच्चे को उनके सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने पंचकूला जिले के सभी अभिभावकों को विशेष हिदायत और अपील जारी की है। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चे अपनी सुरक्षा से पूरी तरह अनजान होते हैं और अक्सर खेलते-खेलते सड़कों या भीड़भाड़ वाले इलाकों में निकल जाते हैं। अभिभावकों को चाहिए कि वे घर पर बच्चों पर लगातार नजर रखें। ऐसे में बच्चे किसी तेज रफ्तार वाहन दुर्घटना या अन्य अनहोनी के खतरे में पड़ सकते है। बच्चों की सुरक्षा केवल सतर्कता से ही संभव है, इसलिए हर अभिभावक जिम्मेदारी से ध्यान रखे।
संवैधानिक संस्थाएं सरकार की नहीं, संविधान और जनता की प्रहरी हैं : अजय गौतम

संस्थाओं की स्वतंत्रता पर सवाल उठे तो जनता न्याय की उम्मीद किससे करे?

पंचकूला। जिला कांग्रेस कमेटी पंचकूला के उपाध्यक्ष अजय गौतम ने संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता, निष्पक्षता और जवाबदेही को लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी बताते हुए कहा कि भारत का लोकतंत्र केवल सरकारों के चुनाव तक सीमित नहीं है। लोकतंत्र की वास्तविक ताकत उन संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता में है, जो कानून के शासन, नागरिक अधिकारों और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा करती हैं।

अजय गौतम ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट, हाई कोर्ट, निर्वाचन आयोग, नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी), संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) सहित अन्य संवैधानिक संस्थाओं का दायित्व किसी राजनीतिक दल या सरकार के प्रति निष्ठा निभाना नहीं, बल्कि संविधान और कानून के अनुसार कार्य करना है।

उन्होंने कहा कि जब किसी संवैधानिक संस्था के निर्णय, निष्पक्षता या स्वतंत्रता को लेकर जनता के बीच गंभीर सवाल उठते हैं, तो लोकतांत्रिक व्यवस्था में उन सवालों का तथ्यात्मक और पारदर्शी जवाब मिलना चाहिए। किसी संस्था पर राजनीतिक दबाव में काम करने के आरोप लगें तो उनकी निष्पक्ष जांच के लिए प्रभावी व्यवस्था होनी चाहिए।

अजय गौतम ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने के लिए नियुक्ति, कार्यकाल और पद से हटाने की व्यवस्थाओं को मजबूत बनाया जाना चाहिए। साथ ही संस्थाओं के कामकाज में पारदर्शिता और सार्वजनिक जवाबदेही के स्पष्ट मापदंड होने चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि जनता का किसी संवैधानिक संस्था से विश्वास कमजोर होता है तो उसे बहाल करना लोकतांत्रिक व्यवस्था की सामूहिक जिम्मेदारी है। हालांकि किसी संस्था के खिलाफ हिंसा या कानून हाथ में लेना उचित नहीं है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन, न्यायिक उपाय, सूचना के अधिकार, जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सवाल उठाना और लोकतांत्रिक संवाद इसके संवैधानिक एवं वैध रास्ते हैं।

अजय गौतम ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं की आलोचना उनके निर्णयों और कार्यप्रणाली के आधार पर होनी चाहिए। यदि लगातार गंभीर सवाल उठ रहे हों तो उन्हें दबाने के बजाय तथ्यों के आधार पर सार्वजनिक रूप से जवाब दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं पर जनता का विश्वास लोकतंत्र की सबसे बड़ी पूंजी है। सरकारें और राजनीतिक दल बदलते रहते हैं, लेकिन संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाएं देश की स्थायी व्यवस्था का आधार हैं।

अजय गौतम ने कहा, “संवैधानिक संस्थाएं किसी सरकार की ढाल नहीं, संविधान की प्रहरी हैं। यदि जनता को यह महसूस होने लगे कि जिन संस्थाओं से उसे निष्पक्ष न्याय और सुरक्षा की उम्मीद है, वही सत्ता के दबाव में काम कर रही हैं, तो यह केवल किसी व्यक्ति या दल का सवाल नहीं रह जाता, बल्कि लोकतंत्र में जनता के विश्वास का सवाल बन जाता है।”

उन्होंने संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता, पारदर्शिता और जवाबदेही को और मजबूत करने के लिए सर्वदलीय एवं सार्वजनिक विमर्श की मांग की, ताकि संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं में जनता का विश्वास और मजबूत हो।
पंचकूला पुलिस ने कैथल व लुधियाना के 2 ड्रग तस्कर दबोचे, 6 लाख से अधिक कीमत की हेरोइन बरामद

आरोपी संदीप के खिलाफ पहले भी नशा तस्करी के 4 मामले दर्ज, दोनों आरोपी 4 दिन के पुलिस रिमांड पर, पुलिस अब मुख्य सप्लायर की तलाश में

पंचकूला/ 3 अक्टूबर:- पंचकूला पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल ने हेरोइन तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने 1 अक्टूबर को पहले सेक्टर-26 स्थित हर्बल पार्क के पास से 31 ग्राम हेरोइन के साथ संदीप कुमार उर्फ सैंडी निवासी गांव मटौर, जिला कैथल को काबू किया। बरामद हेरोइन की कीमत 6 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। आरोपी से पूछताछ में सामने आए सप्लायर बलविन्द्र सिंह उर्फ विक्की निवासी जिला लुधियाना को भी पुलिस ने पंजाब के ढकौली से गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ पंचकूला के चंडीमंदिर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

एसीपी क्राइम अमन कुमार के अनुसार एंटी नारकोटिक सेल को 1 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि संदीप कुमार उर्फ सैंडी पंचकूला और आसपास के क्षेत्र में हेरोइन की सप्लाई करता है तथा सेक्टर-26 हर्बल पार्क के पास किसी ग्राहक को नशीला पदार्थ देने आने वाला है। सूचना के आधार पर इंचार्ज सौरव रावत की अगुवाई में टीम ने मौके पर पहुंचकर निगरानी शुरू की और पार्किंग में खड़े एक युवक की पहचान संदीप कुमार के रूप में की, जिसके बाद उसे काबू कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी से 31 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। 

डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार जांच में यह भी सामने आया है कि संदीप कुमार के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट से संबंधित 4 मामले दर्ज है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान नशे की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य आरोपियों और ठिकानों की जानकारी जुटाने के साथ-साथ संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि पंचकूला में नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य नशीले पदार्थों की सप्लाई करने वाले आरोपियों तक पहुंचने के साथ-साथ उनके पूरे नेटवर्क को चिन्हित कर उसके खिलाफ कार्रवाई करना है।
एनआईए में निशुल्क स्वर्णप्राशन शिविर का आयोजन

बच्चों को स्वास्थ्य के प्रति किया गया जागरूक

पंचकूला, 3 अक्टूबर :  राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (एनआईए), पंचकूला में निशुल्क स्वर्णप्राशन शिविर आयोजित किया गया। आयुष मंत्रालय भारत सरकार के तत्वाधान में संस्थान के कुलपति प्रोफेसर डॉ. संजीव शर्मा और डीन प्रोफेसर गुलाब चंद पमनानी के मार्गदर्शन में कौमारभृत्य विभाग की ओर से आयोजित शिविर में बच्चों के स्वास्थ्य, स्वस्थ वृद्धि एवं समग्र विकास के प्रति अभिभावकों को आयुर्वेद आधारित बाल स्वास्थ्य पद्धतियों के बारे में जागरूक किया गया।

एनआईए के डीन इंचार्ज प्रोफेसर सतीश गंधर्व एवं डीएमएस डॉ. गौरव गर्ग के निर्देशानुसार आयोजित शिविर में कौमारभृत्य विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अपर्णा दिलीप द्वारा अभिभावकों को बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बच्चों के अभिभावकों को बाल स्वास्थ्य तथा बच्चों के स्वस्थ विकास के लिए अपनाई जाने वाली निवारक स्वास्थ्य पद्धतियों बारे अवगत कराया गया। आर्य वैद्यशाला कोट्टक्कल के सहयोग से आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में बच्चों ने स्वर्णप्राशन का सेवन किया। आगामी स्वर्णप्राशन शिविर 31 अक्टूबर शनिवार को आयोजित किया जाएगा। 

कौमारभृत्य विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर रितेश कुमार वर्मा ने बताया कि स्वर्णप्राशन को बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण माना जाता है। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से स्वर्णप्राशन के सेवन से बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता, शक्ति, भूख और स्वास्थ्य में सुधार में मदद मिलती है। इसका प्रमुख उद्देश्य बच्चों की स्वस्थ वृद्धि, विकास और समग्र स्वास्थ्य को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि शिविर के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों के स्वास्थ्य की निवारक देखभाल के प्रति जागरूक करने के साथ आयुर्वेद की उपयोगिता से भी परिचित कराया जा रहा है।
बुर्जकोटियां के नदी क्षेत्र में अवैध माइनिंग पर पंचकूला पुलिस का शिकंजा, पुलिस को देखकर भागे 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक, पीछा कर दोनों वाहन काबू

पंचकूला/ 03 अक्टूबर :- जिले में अवैध माइनिंग पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पंचकूला पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में अमरावती चौकी टीम ने फिर से बुर्जकोटियां के पास नदी क्षेत्र में अवैध माइनिंग में संलिप्त 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लिया है। 

डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह के अनुसार अमरावती चौकी की पुलिस टीम 02 अक्टूबर की दोपहर चेकिंग के दौरान बुर्जकोटियां के पास नदी क्षेत्र में पहुंची। वहां 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध रूप से खनन करते हुए पाए गए। चौकी इंचार्ज प्रीतम सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की तो पुलिस को देखकर दोनों वाहनों के चालक वाहन लेकर भागने लगे। पुलिस टीम ने मुस्तैदी से पीछा करते हुए दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को काबू कर लिया।

जांच के दौरान दोनों वाहनों के चालकों से वाहनों एवं खनन सामग्री से संबंधित वैध बिल तथा टैक्स संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को अमरावती चौकी में खड़ा करवाया गया। इसके बाद माइनिंग विभाग को सूचना देकर दोनों वाहनों को इंपाउंड करवाया गया तथा नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।

इस संबंध में पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने स्पष्ट किया कि जिले में किसी भी सूरत में अवैध माइनिंग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अवैध माइनिंग पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पंचकूला पुलिस द्वारा संबंधित विभागों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित कर लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखने के साथ-साथ पुलिस टीमों द्वारा फील्ड में भी लगातार गश्त एवं चेकिंग की जा रही है, ताकि अवैध गतिविधियों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

पंचकूला पुलिस की आमजन से अपील: यदि किसी व्यक्ति को जिले में कहीं भी अवैध माइनिंग अथवा इससे जुड़ी किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस या संबंधित विभाग को दें। सूचना मिलने पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
गांधी जयंती पर हर्बल पार्क में एचएयू ट्राई सिटी एल्यूमनी एसोसिएशन ने चलाया सफाई अभियान

पंचकूला, 2 अक्टूबर। गांधी जयंती के अवसर पर हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के पूर्व छात्रों की एचएयू ट्राई सिटी एल्यूमनी एसोसिएशन की ओर से पंचकूला सेक्टर-26 स्थित हर्बल पार्क में सफाई अभियान चलाया गया। एसोसिएशन के पंचकूला एवं आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले सदस्यों ने अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

अभियान में एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. बीएस दुग्गल, सलाहकार डॉ. यशपाल वर्मा, वरिष्ठ सदस्य ओपी सिहाग, महासचिव रोहतास रमन, कार्यकारिणी सदस्य सुरिंदर चड्ढा, पूर्व अध्यक्ष महेंद्र सांगवान, केके मानव, डॉ. राजेंद्र सोलंकी, संजीव छिल्लर, अशोक कुमार सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।

इस दौरान डॉ. बीएस दुग्गल, डॉ. यशपाल वर्मा और ओपी सिहाग ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी स्वच्छता को विशेष महत्व देते थे। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि पंचकूला शहर और पूरे क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाए।

एसोसिएशन के सदस्यों ने हर्बल पार्क के विभिन्न हिस्सों में सफाई करते हुए बड़ी मात्रा में पॉलिथीन, खाली प्लास्टिक की बोतलें, पान-गुटखा के पाउच और अन्य कचरा एकत्र किया। अभियान के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाने का संदेश दिया गया।
गांधी जयंती पर भोज मटौर मांधना में विशेष ग्राम सभा, ग्रामीणों को दिलाई स्वच्छता की शपथ
महात्मा गांधी जयंती पर स्वच्छता अभियान एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम

पंचकूला, 2 अक्टूबर: महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर मेरा युवा भारत, पंचकूला द्वारा आईटीआई कालका एवं मार्केट सेक्टर-26, पंचकूला में स्वच्छता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस अवसर पर बच्चों एवं युवाओं ने महात्मा गांधी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात नगर निगम पंचकूला के सहयोग से स्वच्छता अभियान चलाया गया। बच्चों, युवाओं एवं स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक स्वच्छता अभियान में भाग लिया।

मेरा युवा भारत, पंचकूला की लेखा एवं कार्यक्रम सहायक ने भी स्वच्छता अभियान में सक्रिय रूप से सहयोग किया और युवाओं एवं बच्चों के साथ मिलकर स्वच्छता गतिविधियों में भाग लिया।

कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए “स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत” का संदेश दिया गया।
सुपर नॉकआउट में बरसा चौकों-छक्कों का रोमांच, टीमों ने झोंकी पूरी ताकत

पंचकूला 2 अक्टूबर : सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल क्रिकेट स्टेडियम में चल रही नमो क्रिकेट लीग के सुपर नॉकआउट मुकाबलों में शुक्रवार को रोमांच चरम पर रहा। टीमों के बीच अगले दौर में जगह बनाने के लिए कड़ा संघर्ष देखने को मिला। लीग के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी का प्रदर्शन किया।

शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में मोगा मेवरिक्स ने समालखा सुपरस्टार्स को पांच रन से हराया। समालखा सुपरस्टार्स की टीम 9 ओवर में 58 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में मोगा मेवरिक्स ने चार ओवर में 61 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया। मोगा की जीत में आकाश दीप सिंह ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने चार विकेट हासिल किए और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। हरदीप सिंह ने 34 रन बनाए।

इससे पहले खेले गए नॉकआउट मुकाबले में पंचकूला पैंथर्स ने देहरादून डेयरडेविल्स को आठ विकेट से शिकस्त दी। देहरादून ने 10 ओवर में आठ विकेट पर 123 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए पंचकूला पैंथर्स ने नौ ओवर में दो विकेट खोकर 127 रन बनाकर जीत हासिल की। मैन ऑफ द मैच रहे मनन शर्मा ने 63 रन की शानदार पारी खेली। गुरजंत ने दो विकेट लिए।

सुपर नॉकआउट के एक अन्य मुकाबले में जालंधर जगुआर्स ने रोहतक रॉयल्स को नौ विकेट से हराया। रोहतक की टीम 9 ओवर में 55 रन पर सिमट गई। जालंधर ने पांच ओवर में एक विकेट खोकर 58 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। कुलविंदर सिंह ने 20 रन बनाए, जबकि माही ने दो विकेट हासिल किए। मैन ऑफ द मैच नवी संसारपुर रहे।

वहीं, कैथल नाइट्स ने चंडीगढ़ चैंपियंस को एक रन से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। कैथल ने नौ ओवर में आठ विकेट पर 78 रन बनाए। चंडीगढ़ की टीम 10 ओवर में सात विकेट पर 77 रन ही बना सकी। विकास ने 36 रन बनाए, जबकि राजेश धुल ने चार विकेट लेकर शानदार गेंदबाजी की और मैन ऑफ द मैच रहे।

हिसार हीरोज ने नरायणगढ़ निन्जास को 28 रन से हराया। हिसार ने 10 ओवर में तीन विकेट पर 132 रन बनाए। जवाब में नरायणगढ़ की टीम 10 ओवर में आठ विकेट पर 104 रन ही बना सकी। उदेशय मान ने 55 रन की पारी खेली, जबकि अनिल कुमार धत्तरवाल ने तीन विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच दीपु किंग रहे।

इससे पहले नॉकआउट दौर में लुधियाना लायंस, सोनीपत स्पार्टन्स, समालखा सुपरस्टार्स, जिंद जगुआर्स, पानीपत पैंथर्स, नोएडा नाइट्स, कुरुक्षेत्र किंग्स, गुरुग्राम जायंट्स और मोगा मेवरिक्स सहित कई टीमों ने शानदार प्रदर्शन कर अगले चरण में जगह बनाई है।

आज भी होंगे अहम मुकाबले

लीग के सुपर नॉकआउट चरण में शनिवार को ताऊ देवी लाल क्रिकेट स्टेडियम में मुकाबलों का रोमांच जारी रहेगा। कार्यक्रम के अनुसार दोपहर दो बजे लुधियाना लायंस और पंचकूला पैंथर्स के बीच मुकाबला निर्धारित है। इससे पहले शुक्रवार रात आठ बजे गुरुग्राम जायंट्स और सोनीपत स्पार्टन्स तथा रात 10 बजे कुरुक्षेत्र किंग्स और नोएडा नाइट्स के बीच मुकाबले निर्धारित हैं। टूर्नामेंट में टीमों की नजरें अगले दौर में जगह बनाने पर टिकी हैं।
डीसीपी अदिति सिंह ने दिखाई ‘रन फॉर फन’ को हरी झंडी, फिटनेस के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर दौड़े डीएवी स्कूलों के छात्र

पंचकूला/ 02 अक्टूबर:- स्वस्थ जीवनशैली, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से डीएवी स्कूल्स पंचकूला क्लस्टर की ओर से शुक्रवार को ‘रन फॉर फन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डीएवी कॉलेज मैनेजिंग कमेटी, नई दिल्ली के प्रेसिडेंट पद्मश्री डॉ. पूनम सूरी जी के मार्गदर्शन में किया गया।

कार्यक्रम में पंचकूला की डीसीपी आईपीएस अदिति सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने विद्यार्थियों को फिटनेस, अनुशासन, स्वच्छता और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश देते हुए ‘रन फॉर फन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

डीसीपी अदिति सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वच्छ पर्यावरण एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। बच्चों और युवाओं में छोटी उम्र से ही स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने तथा अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थी केवल अपने लिए नहीं, बल्कि अपने परिवार और समाज के लिए भी बदलाव के वाहक बन सकते हैं। यदि प्रत्येक विद्यार्थी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी छोटी-छोटी जिम्मेदारियां निभाए, तो इसका व्यापक सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल सकता है।

कार्यक्रम के दौरान रीजनल असिस्टेंट एवं प्रधानाचार्या श्रीमती जया भारद्वाज ने मुख्य अतिथि डीसीपी अदिति सिंह का स्वागत किया। उन्होंने विद्यार्थियों से 5आर- रिफ्यूज़, रिड्यूस, रीयूज़, रिपर्पज़ और रिसाइकल को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

‘रन फॉर फन’ में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और 5आर से जुड़े रंग-बिरंगे संदेशों वाली तख्तियां लेकर विद्यार्थियों ने दौड़ के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। इस दौरान दौड़ केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं रही, बल्कि यह स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक जागरूकता अभियान का रूप ले गई।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि व्यक्तिगत स्वास्थ्य के साथ समाज और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाना भी जरूरी है। विद्यार्थियों ने एकजुटता, अनुशासन और सामाजिक भागीदारी की भावना के साथ स्वस्थ एवं स्वच्छ भविष्य का संकल्प लिया। 
कार्यक्रम का समापन फिटनेस को जीवन का हिस्सा बनाने, सोच-समझकर संसाधनों का उपयोग करने, स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाने के संकल्प के साथ हुआ।
गांधी जयंती पर भोज मटौर मांधना में विशेष ग्राम सभा, ग्रामीणों को दिलाई स्वच्छता की शपथ

पंचकूला, 2 अक्तूबर। गांधी जयंती एवं स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर हरियाणा विकास एवं पंचायत विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विजयेंद्र कुमार ने ग्राम पंचायत भोज मटौर के गांव मांधना में आयोजित विशेष ग्राम सभा में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

ग्राम सभा को संबोधित करते हुए विजयेंद्र कुमार ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त, पारदर्शी एवं जन-केंद्रित बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीणों को सेवा संकल्प अभियान, ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी), ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि ग्राम सभाएं लोकतंत्र की बुनियादी रीढ़ हैं। इनमें ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से विकास योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू किया जा सकता है।

इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव ने ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई तथा गांव को कचरा मुक्त एवं स्वच्छ बनाए रखने के लिए सामुदायिक सहभागिता का आह्वान किया।

ग्रामीणों की समस्या सुन रिटेनिंग वॉल का किया निरीक्षण

ग्राम सभा के दौरान ग्रामीणों ने भोज मटौर में दो गांवों को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग पर क्षतिग्रस्त रिटेनिंग वॉल की समस्या उठाई। मामले को गंभीरता से लेते हुए विजयेंद्र कुमार ने अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर रिटेनिंग वॉल का स्थलीय निरीक्षण किया।

उन्होंने संबंधित तकनीकी अधिकारियों को आमजन की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रिटेनिंग वॉल का जल्द और गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पोषण कार्यक्रम में भी लिया हिस्सा

इसके बाद अतिरिक्त मुख्य सचिव ने महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित पोषण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई तथा शिशुओं के अन्नप्राशन कार्यक्रम में भाग लेकर माताओं और बच्चों के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

इस अवसर पर जिला परिषद पंचकूला के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विवेक आर्य, उपनिदेशक उत्तम ढालिया, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी विशाल पराशर, बीडीपीओ विनय प्रताप सिंह, एसईपीओ सोनू, सरपंच भोज मटौर-मांधना पंचपाल शर्मा, ग्राम सचिव बलजीत सहित ब्लॉक एवं पंचायत स्तर के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ऑपरेशन हंटडाउन का एक महीने में बड़ा असर: पंचकूला पुलिस ने चोरी-स्नैचिंग के 19 मामलों में 36 आरोपियों को किया गिरफ्तार, 78 वाहन सहित अन्य सामान बरामद

ट्राईसिटी में करीब 60 स्नैचिंग करने वाला मास्टरमाइंड विक्की भी साले उस्मान अली समेत गिरफ्तार, 1800 से ज्यादा कैमरों की फुटेज खंगालकर पहुंची पुलिस आरोपियों तक, दोनों 5 दिन के पुलिस रिमांड पर

5 माह पहले ही सजा पूरी होने के बाद जेल से बाहर आया था विक्की, स्पोर्ट्स बाइक पर करते थे रैकी, काली टेप लगाकर खुद करते थे नकली नंबर प्लेट तैयार

पंचकूला/02 अक्टूबर: पंचकूला में चोरी और स्नैचिंग की वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन द्वारा शुरू किए गए विशेष अभियान ऑपरेशन हंटडाउन के तहत सितंबर माह में पंचकूला पुलिस ने चोरों और स्नैचरों के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई की। एक महीने तक चले इस विशेष अभियान के दौरान क्राइम यूनिट-1, 2 और 3 की टीमों ने लगातार कार्रवाई करते हुए चोरी और स्नैचिंग के 19 मामलों में 36 आरोपियों को गिरफ्तार किया। 

डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से नकदी, 6 मोबाइल फोन, 78 वाहन और अन्य सामान बरामद किया गया है। बरामद वाहनों में बाइक, एक्टिवा, कार और टिप्पर शामिल हैं। अभियान के दौरान दो बड़े वाहन चोर गिरोहों का भी पर्दाफाश किया। हमारी कार्रवाई केवल चोरी और स्नैचिंग करने वाले आरोपियों तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी, बल्कि चोरी का सामान खरीदने, आगे सप्लाई करने या वाहनों को तोड़कर उनके पुर्जे बेचने वाले लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की।

इसी अभियान के तहत पंचकूला पुलिस को एक और बड़ी सफलता 1 अक्टूबर को मिली जब करीब 60 स्नैचिंग वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपी विक्की उर्फ देवेन्द्र सिंह को उसके रिश्ते में साले उस्मान अली समेत गिरफ्तार किया गया। आरोपियों तक पहुंचने के लिए इन्चार्ज प्रवीण मलिक की अगुवाई में करीब 1800 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। आरोपी विक्की उर्फ देवेन्द्र सिंह, निवासी बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी डेराबस्सी, पिछले करीब 20 वर्षों से ट्राईसिटी क्षेत्र में सक्रिय रहा है। वह करीब पांच माह पहले सजा पूरी कर जेल से बाहर आया था। जेल से बाहर आने के बाद उसने अपने साले उस्मान अली पुत्र मेहरबान अली, निवासी उत्तर-पूर्वी दिल्ली के साथ मिलकर दोबारा वारदातें शुरू कर दीं। आरोपियों ने 25 जुलाई 2026 को सैक्टर-14 थाना में दर्ज एक मामलें में सेक्टर-16 पंचकूला निवासी महिला की सोने की चेन झपट ली थी। 

एसीपी क्राइम अमन कुमार के अनुसार पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी दिन के समय स्पोर्ट्स बाइक पर घूमकर रेकी करते थे और वारदात के दौरान नकली नंबर प्लेट का इस्तेमाल करते थे। आरोपी काली टेप आदि की मदद से खुद नकली नंबर प्लेट तैयार करते थे। दोनों पंचकूला के अलावा चंडीगढ़ और मोहाली में भी वारदातों को अंजाम देते थे।  दोनों आरोपियों का 5 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। 

एक महीने की कार्रवाई में अपराधियों के पूरे नेटवर्क पर फोकस
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने बताया कि ऑपरेशन हंटडाउन के तहत सितंबर माह में चोरी और स्नैचिंग की वारदातों पर विशेष फोकस रखते हुए लगातार कार्रवाई की गई। हमारी टीमों ने मिलकर ऐसे अपराधियों की पहचान की जो चोरी और स्नैचिंग की वारदातों में शामिल रहे हैं।  
पुलिस कमिश्नर ने आगे कहा कि पंचकूला पुलिस का उद्देश्य जिले में ऐसा सुरक्षित माहौल कायम करना है, जहां लोग अपने परिवार के साथ सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर बेखौफ होकर घूम सकें। आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
पत्रकारों के लिए महत्वपूर्ण जानकारी: कवरेज से रोकना, धमकाना या कैमरा छीनना गंभीर मामला

नई दिल्ली। पत्रकारों को जनहित से जुड़ी खबरों की कवरेज के दौरान कई बार विरोध, धमकी या बाधा का सामना करना पड़ता है। ऐसे मामलों में पत्रकारों को अपने कानूनी अधिकारों और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी होना जरूरी है।

1 जुलाई 2024 से देश में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 लागू है।इसके बाद भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) के स्थान पर बीएनएस के प्रावधान लागू हैं।

यदि किसी पत्रकार को खबर की कवरेज, फोटो या वीडियो बनाने से रोका जाता है, धमकाया जाता है, कैमरा या मोबाइल छीना जाता है अथवा उपकरण को नुकसान पहुंचाया जाता है, तो घटना की प्रकृति के अनुसार संबंधित कानूनी प्रावधान लागू हो सकते हैं।

कवरेज के दौरान बाधा डालने पर

किसी पत्रकार का रास्ता रोकना, उसे जबरन रोकना या कवरेज में बाधा डालना परिस्थितियों के अनुसार सदोष अवरोध या सदोष परिरोध से संबंधित प्रावधानों के दायरे में आ सकता है।

यदि पत्रकार को धमकाया या अपमानित किया जाता है, तो घटना के तथ्यों के आधार पर आपराधिक धमकी और जानबूझकर अपमान से संबंधित धाराएं भी लागू हो सकती हैं।

 कैमरा या अन्य उपकरण को नुकसान पहुंचाने पर

पत्रकार के कैमरे, मोबाइल, माइक या अन्य उपकरण को जानबूझकर क्षतिग्रस्त करने की स्थिति में **संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से संबंधित प्रावधान** लागू हो सकते हैं। किसी उपकरण को जबरन छीनने की घटना में भी मामले के तथ्यों के आधार पर अलग-अलग धाराएं लग सकती हैं।

मारपीट या चोट पहुंचाने की स्थिति

यदि कवरेज के दौरान पत्रकार के साथ मारपीट की जाती है या उसे चोट पहुंचाई जाती है, तो चोट की प्रकृति और घटना की परिस्थितियों के अनुसार संबंधित बीएनएस धाराओं में कार्रवाई हो सकती है।

एफआईआर में घटना का स्पष्ट विवरण दें

शिकायत या एफआईआर में पत्रकार को अपनी पहचान, समाचार संस्थान, घटना का स्थान, तारीख और समय तथा आरोपी द्वारा किए गए प्रत्येक कृत्य का स्पष्ट विवरण देना चाहिए। कैमरा, मोबाइल या अन्य उपकरण को नुकसान पहुंचाने की घटना हो तो उसका विवरण और उपलब्ध फोटो/वीडियो भी सुरक्षित रखना चाहिए।

उदाहरण के तौर पर शिकायत में लिखा जा सकता है; 

“मैं ______ समाचार पत्र/चैनल का ______ क्षेत्र का पत्रकार हूं। मैं जनहित में समाचार का कवरेज कर रहा था। इसी दौरान आरोपी ______ ने मुझे कवरेज करने से रोका तथा मेरे साथ गाली-गलौज, धमकी और हाथापाई की। आरोपी द्वारा मेरे कैमरे/मोबाइल को नुकसान पहुंचाने अथवा रिकॉर्डिंग हटाने का प्रयास किया गया। घटना के संबंध में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उचित कानूनी धाराओं में कार्रवाई की जाए।”

महत्वपूर्ण: एफआईआर में वही धाराएं लिखवाने की मांग करें जो घटना के वास्तविक तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर लागू होती हों। किसी विशेष धारा का अंतिम निर्धारण पुलिस/जांच एजेंसी और मामले की परिस्थितियों पर निर्भर करता है।
एनएसएस स्वयंसेवकों ने वरिष्ठ नागरिकों को किया डिजिटल रूप से जागरूक

 पंचकूला 2 अक्टूबर:  राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कालका की एनएसएस इकाइयों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल साक्षरता एवं साइबर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल तकनीक के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें डिजिटल रूप से सक्रिय एवं आत्मनिर्भर बनाना था।

इस अभियान के अंतर्गत एनएसएस स्वयंसेवकों ने ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर वरिष्ठ नागरिकों से संवाद किया और उन्हें मोबाइल फोन, डिजिटल भुगतान तथा विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं के सुरक्षित उपयोग के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी। स्वयंसेवकों ने विशेष रूप से डिजिटल धोखाधड़ी और साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया।

वरिष्ठ नागरिकों को फर्जी फोन कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी केवाईसी संदेश तथा ऑनलाइन ठगी के अन्य तरीकों से सावधान रहने की जानकारी दी गई। साथ ही, उन्हें ओटीपी , एटीएम पिन , पासवर्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने के लिए भी प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सीमा सिंह के मार्गदर्शन में तथा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. आशीष एवं सुश्री सविता की सक्रिय सहभागिता से आयोजित किया गया। स्वयंसेवकों ने वरिष्ठ नागरिकों की डिजिटल संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान किया और उन्हें सुरक्षित एवं सावधानीपूर्वक डिजिटल सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

इस पहल के माध्यम से एनएसएस इकाइयों ने डिजिटल समावेशन, साइबर जागरूकता और सामुदायिक सेवा की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किया।
महाविद्यालय में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई गांधी जयंती

राजकीय महाविद्यालय कालका की प्राचार्या डॉक्टर सीमा सिंह के कुशल नेतृत्व में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती श्रद्धा, सम्मान एवं उत्साह के साथ मनाई गई । कार्यक्रम का आयोजन राजनीति विज्ञान विभाग, पंजाबी विभाग, इतिहास विभाग एवं हिंदी विभाग के संयुक्त तत्वाधान में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के जीवन, उनके विचारों सत्य, अहिंसा, स्वच्छता तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से परिचित करवाना था। कार्यक्रम में भाषण प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया जिसका विषय रहा "आधुनिक युग में महात्मा गांधी के विचारों का महत्व"। भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साह पूर्वक भाग लेते हुए महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, सत्याग्रह, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता, सादगी, सामाजिक सद्भाव एवं मानवता से जुड़े विचारों को अपने भाषणों के माध्यम से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने बताया कि तेजी से बदलते आधुनिक समाज में गांधी जी के विचार आज भी शांति, सहिष्णुता और सामाजिक समरसता का संदेश देते हैं ।प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने गांधी जी के स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान तथा उनके सामाजिक एवं नैतिक विचारों पर भी प्रकाश डाला। प्रतिभागियों ने अपने विचारों को तर्कपूर्ण एवं प्रभावशाली रंग से प्रस्तुत करते हुए यह बताया कि गांधी जी का दर्शन केवल स्वतंत्रता संग्राम तक सीमित नहीं है बल्कि वर्तमान पीढी़ के लिए भी मार्गदर्शक है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विशेष रूप से अहिंसा और सत्य के सिद्धांत, स्वच्छता के प्रति जागरूकता तथा समाज में आपसी प्रेम एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों में अभिव्यक्ति कौशल, आत्मविश्वास तथा विचार विमर्श की क्षमता को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिता का परिणाम इस प्रकार रहा प्रथम स्थान बी.ए. प्रथम वर्ष की अंशिका ने प्राप्त किया, द्वितीय स्थान  बी.ए. प्रथम वर्ष की इतिका ने प्राप्त किया,  तृतीय स्थान बी.ए. प्रथम वर्ष की समृद्धि और बीबीए द्वितीय वर्ष की खुशी ने प्राप्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में राजनीति विज्ञान विभाग अध्यक्षा एसोसिएट प्रोफेसर सुनीता चौहान, हिंदी विभागाध्यक्षा डॉ बिंदु, पंजाबी विभाग अध्यक्ष डॉ जगपाल, इतिहास विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर  गुरमीत का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विजेता विद्यार्थियों को ट्रॉफी भी प्रदान की गई। कुल 53 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में 4 से 10 अक्टूबर तक होगी श्रीमद्भागवत कथा

वृंदावन/मथुरा। श्री नर्मदेश्वर महादेव के प्राण प्रतिष्ठा के चतुर्थ महोत्सव एवं पितृपक्ष के उपलक्ष्य में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम 4 अक्टूबर से 10 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होगा।
कथा का आयोजन श्री रास बिहारी सेवा सदन गौशाला, नर्मदेश्वर महादेव मंदिर, गोरा नगर कॉलोनी, वृंदावन, मथुरा में किया जाएगा। कथा का समय दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक निर्धारित किया गया है।
कार्यक्रम में सरस कथा प्रवक्ता श्री राजीव जी महाराज श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कराएंगे। आयोजनकर्ता श्री जुगल किशोर जी (वृंदावन) हैं।
आयोजन समिति के अनुसार 4 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे से मंगल कलश यात्रा निकाली जाएगी। वहीं 10 अक्टूबर को प्रातः 9 बजे से कथा का समापन कार्यक्रम होगा। इसी दिन दोपहर 12 बजे से पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा का श्रवण करने और धार्मिक आयोजन में सहभागी बनने का आह्वान किया है। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।
आयोजक: श्री जुगल किशोर जी, वृंदावन
कथा प्रवक्ता: श्री राजीव जी महाराज
संपर्क: 7457862993
सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित

मोरनी के गांव बैहलों में हुआ कार्यक्रम*

महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की दी जानकारी

पोषण एवं संतुलित आहार के महत्व पर किया जागरूक

पंचकूला 1 अक्टूबर : सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन 1 अक्टूबर 2026 को मोरनी के गांव बैहलों में किया गया। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम 25 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक पंचकूला  जिले के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में आयोजित किया जा रहा है।

गांव बैहलों में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती आरू  वशिष्ठ, महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी द्वारा की गई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लाभार्थियों को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में पोषण एवं संतुलित आहार के महत्व के बारे में जागरूक करते हुए गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बच्चों के लिए पौष्टिक आहार की आवश्यकता तथा उचित पोषण से होने वाले लाभों की जानकारी दी गई। आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध करवाए जा रहे पोषण आहार के महत्व के बारे में भी लाभार्थियों को समझाया गया।

इस अवसर पर गोदभराई एवं अन्नप्राशन जैसी महत्वपूर्ण गतिविधियों का आयोजन भी किया गया। गर्भवती महिलाओं एवं छोटे बच्चों के अभिभावकों को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस  के अवसर पर भी उपस्थित लोगों को वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, अधिकारों एवं देखभाल के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान एवं उनके प्रति संवेदनशील व्यवहार का संदेश देते हुए शपथ भी दिलाई गई। साथ ही, पोषण एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भी उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम के दौरान विभागीय कार्यों एवं योजनाओं के प्रचार-प्रसार में सराहनीय योगदान देने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। उपस्थित महिलाओं एवं लाभार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी, सुपरवाइजर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, लाभार्थी, गर्भवती महिलाएं एवं अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना रहा।
पंचकूला में रेड बिशप पेट्रोल पंप का औचक निरीक्षण, सभी नोजलों की डिलीवरी मानकों के अनुरूप

पेट्रोल-डीजल की सही मात्रा को लेकर उपभोक्ताओं को किया जागरूक

 पंचकूला, 1 अक्टूबर :  माप तौल विभाग की टीम ने उपभोक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए सेक्टर-1 स्थित रेड बिशप पेट्रोल पंप का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभाग के इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने पेट्रोल पंप की कुल तीन मशीनों की 11 नोजलों की जांच की।

 इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने बताया कि जांच के दौरान छह डीजल, तीन पेट्रोल और दो XP-95 की नोजलों की डिलीवरी को परखा गया। सभी 11 नोजलों की डिलीवरी निर्धारित मात्रा के अनुसार सही पाई गई।

 जांच के दौरान पेट्रोल पंप पर अपने वाहनों में ईंधन भरवाने पहुंचे उपभोक्ताओं को भी जागरूक किया गया। विभागीय अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को पेट्रोल और डीजल की सही मात्रा में डिलीवरी की प्रक्रिया भी दिखाई, ताकि वे स्वयं भी ईंधन की मात्रा को लेकर जागरूक रह सकें।

 इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा और उन्हें पेट्रोल-डीजल की उचित मात्रा में डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए विभाग की ओर से समय-समय पर पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण जारी रहेगा।

 उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर लीगल मेट्रोलॉजी एक्ट, 2009 एवं हरियाणा विधिक माप (प्रवर्तन) नियम, 2011  के तहत विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जा सकती है।

निरीक्षण के दौरान रेड बिशप पेट्रोल पंप के मैनेजर दीपक भी उपस्थित रहे।
रायपुररानी खंड के गांव गढ़ी कोटहा में सेवा सेतु शिविर में 152 लाभार्थियों का पंजीकरण

पात्र लाभार्थियों को घर-द्वार पर योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित हुआ शिविर

पंचकूला, 1 अक्तूबर:  सेवा संकल्प अभियान के तहत आज रायपुररानी खंड के गांव गढ़ी कोटहा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। शिविर में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं कुरुक्षेत्र के प्रभारी श्री दीपक शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया।

इस अवसर पर ब्लॉक समिति के चेयरमैन सतबीर राणा, गांव की सरपंच श्रीमती संगीता रानी, सरपंच प्रतिनिधि श्री महिपाल, पार्षदगण, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री विशाल सैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

विभिन्न विभागों के स्टॉलों का किया अवलोकन
श्री दीपक शर्मा ने विभिन्न विभागों द्वारा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों के तहत आमजन को दिए जा रहे लाभ की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को उनके घर-द्वार पर सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से  सभी खंडों, नगर निगम एवं नगर परिषद क्षेत्रों में सेवा सेतु शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि शिविरों में प्रत्येक विभाग द्वारा अपने-अपने स्टॉल स्थापित किए गए हैं, जहां अधिकारी एवं कर्मचारी आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं। साथ ही, योजनाओं का लाभ प्रदान करने के लिए मौके पर ही आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

अंतिम पंक्ति के पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास
उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से प्रशासन का प्रयास है कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ त्वरित एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए।

152 लाभार्थियों का सफलतापूर्वक पंजीकरण
शिविर के दौरान पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण किया गया। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदनों पर मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई की गई। शिविर में कुल 152 लाभार्थियों का सेवा सेतु पोर्टल पर सफलतापूर्वक पंजीकरण किया गया।
मनकीरत औलख के गीतों पर झूमा नमो क्रिकेट लीग का स्टेडियम

खचाखच भरे ताऊ देवी लाल स्टेडियम में देर रात तक चला पंजाबी गीतों का जादू

पंचकूला 1 अक्टूबर : सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में चल रही नमो क्रिकेट लीग में गुरुवार रात क्रिकेट के रोमांच के साथ पंजाबी संगीत का रंग भी देखने को मिला। प्रसिद्ध पंजाबी गायक मनकीरत औलख ने अपनी दमदार प्रस्तुति से खचाखच भरे स्टेडियम में समां बांध दिया। उनके मंच पर पहुंचते ही दर्शकों ने जोरदार तालियों के साथ उनका स्वागत किया। देखते ही देखते पूरा स्टेडियम उनके गीतों की धुन पर झूमता नजर आया।
मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी ने मंच पर मनकीरत औलख का स्वागत किया। इसके बाद मनकीरत औलख ने अपने लोकप्रिय गीतों के साथ आने वाले नए गीतों की झलक भी दर्शकों को सुनाई।
मनकीरत औलख की प्रस्तुति के दौरान युवा दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। गीतों की शुरुआत होते ही दर्शक अपनी सीटों से उठकर झूमने लगे और लगातार तालियों  से कलाकार का उत्साह बढ़ाते रहे। स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने मोबाइल फोन की फ्लैशलाइट जलाकर और वीडियो बनाकर इस संगीत संध्या के पलों को कैमरे में कैद किया।
प्रस्तुति के समापन पर तरुण भंडारी ने मनकीरत औलख का पंचकूला पहुंचकर नमो क्रिकेट लीग में प्रस्तुति देने के लिए आभार व्यक्त किया। क्रिकेट और संगीत के इस संगम ने नमो क्रिकेट लीग के माहौल को देर रात तक उत्सव में बदल दिया।
पंचकूला पुलिस ने 81 वर्षीय बुजुर्ग से साइबर फ्रॉड के मामले में पांचवे आरोपी को किया गिरफ्तार, पुलिस ने शिकायतकर्ता को 54 लाख रुपये वापस दिलवाए

फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर मुनाफा दिखाकर फंसाया था जाल में, आरोपी 3 दिन के पुलिस रिमांड पर, अन्य 
आरोपियों की तलाश और शेष रकम की बरामदगी जारी

पंचकूला/30 सितंबर:-ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग में कम समय में भारी मुनाफे का लालच देकर 95.21 लाख फ्रॉड के एक मामले में पंचकूला साइबर पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। साइबर क्राइम सेक्टर-20 की टीम ने विक्रम उर्फ विक्की निवासी कैथल को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता से ठगी गई रकम में से 15 लाख रुपये आरोपी के बैंक खाते में पहुंचे थे। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार यह मामला सेक्टर-6 पंचकूला निवासी 81 वर्षीय सेवानिवृत बुजुर्ग से जुड़ा है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसे व्हाट्सऐप के माध्यम से ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का झांसा दिया गया। आरोपियों ने उसे एक फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म से जोड़कर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा करवानी शुरू कर दी। शुरुआत में आरोपियों ने उसके खाते में मुनाफे की रकम वापस भेजी, जिससे उसका विश्वास बढ़ गया। इसके बाद अधिक मुनाफे का लालच देकर शिकायतकर्ता और उसकी पुत्रवधू के खातों से कुल 95,21,560 रुपये अलग-अलग खातों में जमा करवा लिए गए।

जब शिकायतकर्ता ने अपनी रकम निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने उससे और पैसे जमा करवाने की मांग की। इसके बाद शिकायतकर्ता को अपने साथ हुए साइबर फ्रॉड का पता चला और उसने पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर थाना साइबर अपराध सेक्टर-20 पंचकूला में 8 अक्टूबर 2025 दर्ज कर जांच शुरू की गई। 

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता से फ्रॉड की गई रकम की 15 लाख रुपये 6 सितंबर 2025 को आरोपी विक्रम उर्फ विक्की के बैंक खाते में पहुंचे थे। थाना प्रभारी युद्धवीर सिंह की अगुवाई में टीम ने लगातार प्रयास करते हुए 29 सितंबर 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 30 सितंबर को कोर्ट में पेश कर 3 दिन का रिमांड हासिल किया गया है। रिमांड के दौरान ठगी की रकम के लेन-देन तथा पूरे साइबर फ्रॉड नेटवर्क में आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।

चार आरोपी पहले गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस द्वारा पहले गुरदीप सिंह उर्फ दीपू डाबला निवासी हिसार, हरियाणा, मनजीत सिंह निवासी हिसार, हरियाणा, मानशवी ढोचक निवासी सोनीपत, हरियाणा तथा अनूप कुमार निवासी दिल्ली को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन आरोपियों के खिलाफ चालान अदालत में पेश किया जा चुका है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है।

पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि साइबर फ्रॉड के मामलों में पंचकूला पुलिस का जोर आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ पीड़ितों की ठगी गई रकम वापस दिलवाने पर भी है। इस मामले में शिकायतकर्ता को अब तक 54 लाख रुपये वापस दिलवाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी तथा फ्रॉड की शेष रकम की बरामदगी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। साइबर अपराधियों के पूरे नेटवर्क का पता लगाकर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।