पंचकूला पुलिस की दुर्गा शक्ति टीम ने ढूंढ निकाला चंडीगढ़ से चोरी हुआ ऑटो
मालिक को सूचना देकर मौके पर बुलाया
चंडीगढ़ पुलिस की टीम को भी मौके पर बुलाकर आगामी कानूनी कार्रवाई में किया आवश्यक सहयोग
पंचकूला 20 नवंबर :- अपराधों की रोकथाम और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देशानुसार पंचकूला पुलिस की टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय रहकर गश्त एवं चेकिंग कर रही हैं। इसी सतर्कता के चलते पंचकूला पुलिस की दुर्गा शक्ति टीम ने चंडीगढ़ से चोरी हुए एक ऑटो को पंचकूला में बरामद करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम की मुस्तैदी और तत्परता से चोरी के वाहन का पता लगाकर संबंधित वाहन मालिक एवं चंडीगढ़ पुलिस से संपर्क स्थापित किया गया।
इस संबंध में डीसीपी अमरिंदर सिंह ने बताया कि आज पंचकूला के सेक्टर-5 थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान दुर्गा शक्ति टीम को एक लावारिस ऑटो दिखाई दिया। टीम ने ऑटो की जांच की और चालक से पूछताछ की तो पता चला कि उक्त ऑटो कुछ दिन पहले चंडीगढ़ से चोरी हुआ था, जिसकी शिकायत चालक द्वारा संबंधित थाने में दर्ज करवाई गई थी। इसके बाद दुर्गा शक्ति टीम में तैनात महिला मुख्य सिपाही कविता और महिला सिपाही ज्योति ने तत्परता दिखाते हुए मोबाइल फोन के माध्यम से चालक को सूचना देकर मौके पर बुलाया। साथ ही चंडीगढ़ पुलिस की टीम को भी मौके पर बुलाकर आगामी कानूनी कार्रवाई में आवश्यक सहयोग प्रदान किया।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि पंचकूला पुलिस की टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय रहकर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही हैं, ताकि चोरी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी को अपने आसपास कोई लावारिस या संदिग्ध वाहन दिखाई देता है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
पंचकूला की हर बड़ी खबर के लिए Follow करें।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia