वरुणा नदी में मिला 45 वर्षीय अधेड़ का शव,पुलिस ने जेब से एक महिला का आधार कार्ड बरामद
लोहता। वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र के टड़िया गांव के समीप गुरुवार की दोपहर करीब 12 बजे वरुणा नदी में लगभग 45 वर्षीय अधेड़ का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव मिलने की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची लोहता पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
ग्रामीणों के अनुसार, मृतक ने स्लेटी रंग की शर्ट और काले रंग की पैंट पहन रखी थी। पुलिस ने मृतक की जेब से बंद पड़ा एक की-पैड मोबाइल फोन और फूलपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला का आधार कार्ड बरामद किया है। पुलिस बरामद सामान के आधार पर मृतक की पहचान करने के साथ ही मामले की जांच में जुटी है। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।