बैंक से पैसा निकालने गई महिला के साथ कर्मचारियों ने की अभद्रता
वाराणसी। कपसेठी थाना क्षेत्र के सिरिहीरा सेवापुरी स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में गुरुवार को पैसा निकालने पहुंची महिला ने बैंक कर्मचारियों पर दुर्व्यवहार करने और सुरक्षा गार्ड द्वारा धक्का देकर बाहर निकालने का आरोप लगाया। मामले में महिला ने कपसेठी पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
दानूपुर (भीटकुरी) गांव निवासी नीलम विश्वकर्मा पत्नी रविशंकर विश्वकर्मा के अनुसार, वह गुरुवार सुबह करीब 11 बजे सिर का इलाज कराने तथा त्योहार के लिए बैंक खाते से रुपये निकालने पहुंची थीं। आरोप है कि बैंक में मौजूद कर्मचारियों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। महिला का आरोप है कि सुरक्षा कर्मियों ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें बैंक से बाहर निकाल दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर कपसेठी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। महिला ने थाने में तहरीर देकर मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, शाखा प्रबंधक गौरव सिंह ने आरोपों से अलग पक्ष रखते हुए बताया कि महिला के खाते में केवाईसी अपडेट नहीं था। उन्हें पहले केवाईसी अपडेट कराने के बाद ही रुपये निकालने की जानकारी दी गई। इस पर खाताधारक बैंक में शोर-शराबा करने लगीं, जिसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें बैंक से बाहर कर दिया।
#letestअपडेट #LetestUpdate #LETESTNEWS #VaranasiUpdate 👇👇