मूसलाधार बारिश से मकान दो फीट धंसा, घरेलू सामान क्षतिग्रस्त
वाराणसी। जंसा थाना क्षेत्र के नैपुरा गांव में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच मंगलवार की भोर करीब चार बजे प्रशांत मिश्रा का मकान अचानक लगभग दो फीट धंस गया। मकान धंसने से घर में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में मकान की खिड़की और दरवाजे क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं, घर में रखा इनवर्टर, बैटरी समेत अन्य घरेलू सामान भी नष्ट हो गया।
घटना के समय मकान के अंदर सो रहे सुरेंद्र प्रसाद मिश्रा बाल-बाल बच गए। हालांकि, हादसे में उनके पैर में हल्की चोट आई है। मकान के अचानक धंसने से परिवार के लोगों में दहशत का माहौल है। गनीमत रही कि हादसे के समय मकान का पूरा हिस्सा नहीं गिरा, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
पीड़ित परिवार ने घटना की जानकारी क्षेत्रीय लेखपाल को दी है। सूचना मिलने के बाद लेखपाल ने मौके की स्थिति की जानकारी लेकर पीड़ित परिवार को उचित कार्रवाई और नियमानुसार सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है। लगातार बारिश के कारण मकान के धंसने से परिवार को काफी नुकसान हुआ है।