परीक्षा देने जा रही युवती की सड़क हादसे में मौत, पिता घायल
वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के सुंगुलपुर अंडरपास के समीप मंगलवार को तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार 21 वर्षीय युवती की मौत हो गई। हादसे में युवती के पिता भी घायल हो गए। दोनों परीक्षा देने के लिए जा रहे थे।
मृतका की पहचान शिवपुर थाना क्षेत्र के चुप्पेपुर गांव निवासी जोया खान (21) पुत्री इमाम जमा खान के रूप में हुई। मंगलवार को जोया अपने पिता के साथ मोटरसाइकिल से परीक्षा केंद्र जा रही थी। सुंगुलपुर अंडरपास के समीप पहुंचते ही पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पिता-पुत्री सड़क पर अलग-अलग जा गिरे। इसी दौरान जोया डंपर के पहिए के नीचे आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन पीएसी प्रभारी राजनाथ राम के अनुसार अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे में घायल पिता का उपचार जारी है।
चौबेपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से भागने लगा। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर पीछा करते हुए डंपर को कब्जे में ले लिया और चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
#LETESTNEWS #LetestUpdate #letestअपडेट #VaranasiUpdate 👇👇