जिला पदाधिकारी, बांका के अध्यक्षता में समाहरणालय के मिनी सभागार में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई
समीक्षा के दौरान जिले में जन वितरण प्रणाली के माध्यम से लाभुकों को खाद्यान्न उपलब्ध कराने, लाभुकों की ई-केवाईसी, आधार सीडिंग तथा राशन कार्ड से संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई।
समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि जिन लाभुकों का अभी तक ई-केवाईसी नहीं हुआ है, उनका ई-केवाईसी कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए। उन्होंने ई-केवाईसी का कार्य 95 प्रतिशत तक पूर्ण करने के लिए कार्ययोजना बनाकर अभियान चलाने का निर्देश दिया। साथ ही राशन कार्डधारियों के आधार सीडिंग एवं अन्य लंबित कार्यों को भी निर्धारित समय-सीमा के अंदर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने जन वितरण प्रणाली के अंतर्गत खाद्यान्न के उठाव एवं वितरण की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों को निर्धारित मात्रा एवं समय पर खाद्यान्न उपलब्ध हो।
समीक्षा के दौरान खाद्यान्न वितरण की स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, चांदन एवं बौंसी से स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि 26 अगस्त तक अगस्त माह के खाद्यान्न का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित किया जाए।
जिला पदाधिकारी द्वारा जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम, बांका को निर्देशित किया गया कि खाद्यान्न का उठाव 26 अगस्त तक पूर्ण करना सुनिश्चित करें, ताकि आगामी माह में 1 सितंबर से खाद्यान्न वितरण कार्य सुचारू रूप से शुरू किया जा सके।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को क्षेत्र में नियमित रूप से निरीक्षण एवं निगरानी करने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही ई-केवाईसी एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं के संबंध में लाभुकों को जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जन वितरण प्रणाली से संबंधित योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पारदर्शी एवं सुचारू रूप से पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।