मुख्य सचिव, बिहार की अध्यक्षता में आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एग्री स्टैक परियोजना के तहत फार्मर रजिस्ट्री एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य एवं जिला स्तर पर इन दोनों कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य में तेजी लाने तथा शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में जिला पदाधिकारी, बांका सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में मुख्य सचिव, बिहार द्वारा निर्देश दिया गया कि फार्मर रजिस्ट्री एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे के कार्य में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं बरती जाए तथा संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर निर्धारित लक्ष्य को समय-सीमा के अंदर पूरा करना सुनिश्चित करें। साथ ही, कार्य की नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण करते हुए प्रगति की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया गया।
मुख्य सचिव द्वारा दिए गए निर्देश के आलोक में जिला पदाधिकारी, बांका द्वारा जिला कृषि पदाधिकारी, बांका, भूमि सुधार उप समाहर्ता, बांका एवं मुख्यमंत्री सचिवालय के सीएम फेलो के साथ जिले में एग्री स्टैक परियोजना के तहत फार्मर रजिस्ट्री एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान प्रतिवेदन के आधार पर फार्मर रजिस्ट्री एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर जिला पदाधिकारी द्वारा जिला कृषि पदाधिकारी, बांका से स्पष्टीकरण की मांग करने हेतु निर्देशित किया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा भूमि सुधार उप समाहर्ता, बांका को निर्देश दिया गया कि तीन दिनों के अंदर न्यू म्यूटेशन एवं परिमार्जन की सूची जिला कृषि पदाधिकारी को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। साथ ही, सभी अंचल अधिकारी एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करेंगे।
सीएम फेलो को निर्देशित किया गया कि फार्मर रजिस्ट्री एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे से संबंधित आंकड़े जिला कृषि पदाधिकारी एवं भूमि सुधार उप समाहर्ता, बांका से प्राप्त कर विहित प्रपत्र में प्रतिवेदन तैयार करें तथा तैयार प्रतिवेदन जिला पदाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करें।
जिला कृषि पदाधिकारी, बांका को निर्देश दिया गया कि फार्मर रजिस्ट्री एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के लिए अपने अधीनस्थ कर्मियों के लिए प्रतिदिन लक्ष्य निर्धारित करें। साथ ही, कार्ययोजना तैयार कर उसका निरंतर अनुश्रवण करें तथा दोनों योजनाओं की प्रतिदिन की प्रगति का प्रतिवेदन जिला पदाधिकारी को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।