जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल द्वारा आज प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर जिले के विद्यार्थियों को “विद्यार्थी सहयोग पोर्टल” के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि विद्यार्थियों को सहयोग एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “विद्यार्थी सहयोग पोर्टल” का शुभारंभ माननीय मुख्यमंत्री, बिहार द्वारा दिनांक 17 अगस्त 2026 को किया गया है। इस पोर्टल के माध्यम से राज्य के विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं छात्रावास से संबंधित समस्याओं एवं शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर समाधान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पहले विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक अथवा छात्रावास से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित कार्यालयों एवं पदाधिकारियों के पास जाकर आवेदन एवं शिकायत करनी पड़ती थी। कई बार उचित माध्यम की जानकारी नहीं होने अथवा शिकायत के समाधान की प्रक्रिया की जानकारी नहीं मिल पाने के कारण विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।
अब विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के लिए एक सुव्यवस्थित, ऑनलाइन एवं पारदर्शी माध्यम उपलब्ध हो गया है। विद्यार्थी घर बैठे अपनी समस्या ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे और शिकायत के समाधान की प्रक्रिया की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे। इससे शिकायतों के निस्तारण की निगरानी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने में भी सुविधा होगी।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं के समाधान के लिए अधिकतम 30 दिनों की समय-सीमा निर्धारित की गई है। इससे विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान में जवाबदेही एवं समयबद्धता सुनिश्चित होगी।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि विद्यार्थियों की समस्याओं को सीधे सुनने एवं उनके समाधान के लिए प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को माननीय मुख्यमंत्री, बिहार द्वारा विद्यार्थियों की समस्याओं की सुनवाई की जाएगी। इससे विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं को सीधे राज्य स्तर पर रखने तथा उनके त्वरित समाधान का अवसर मिलेगा।
उन्होंने जिले के विद्यार्थियों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की शैक्षणिक अथवा छात्रावास से संबंधित समस्या होने पर विद्यार्थी सहयोग पोर्टल का उपयोग कर अपनी शिकायत दर्ज कराएं और इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
पोर्टल का वेबसाइट एड्रेस
https://sahyog.bihar.gov.in/hss/
विद्यार्थी उक्त वेबसाइट पर जाकर अपनी समस्या अथवा शिकायत ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।
अधिक जानकारी एवं सहायता के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1100 पर संपर्क किया जा सकता है।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि “विद्यार्थी सहयोग पोर्टल” विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान, पारदर्शिता, जवाबदेही तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में बिहार सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने जिले के सभी विद्यार्थियों से पोर्टल का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की।