👉#जनगणना-2027 की तैयारियों में जुटा प्रशासन, 97 नोडल अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
16 नवंबर से शुरू होगा स्व-गणना कार्यक्रम,एक दिसंबर से चार जनवरी तक घर-घर जाकर जुटाई जाएंगी जानकारियां
शाहजहांपुर। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें जनपद के नामित 97 जनगणना नोडल अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। डीएम ने सभी अधिकारियों को जनगणना से जुड़े दायित्व पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्धारित समय सीमा में सभी कार्य पूरे कराने को कहा। बैठक में बताया गया कि स्व-गणना का कार्य 16 से 30 नवंबर तक चलेगा। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर लोगों की जानकारी जुटाएंगे। वहीं, पांच से नौ जनवरी तक पुनरीक्षण का कार्य किया जाएगा। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार ने अधिकारियों को जनगणना की प्रक्रिया और समय-सारणी की जानकारी दी। इस दौरान सीडीओ उत्कर्ष द्विवेदी, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Shahjahanpur, Shahjahanpur | Nov 13, 2026