👉#डीएम ने नगर आयुक्त के साथ खन्नौत नदी के लोधीपुल घाट पर छठ पूजा की तैयारी का किया स्थलीय निरीक्षण,व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के दिए निर्देश
शाहजहाँपुर।आगामी छठ पर्व के दृष्टिगत जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी के साथ नगर निगम क्षेत्रांतर्गत खन्नौत नदी लोधीपुल स्थित छठ घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छठ पर्व पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने घाटों पर साफ सफाई, प्रकाश, मोबाइल टॉयलेट, चेंजिंग रूम, सेल्फी प्वाइंट, बैरी कटिंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पर्व के दृष्टिगत श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराई जाएं। घाटों पर साफ सफाई, टॉयलेट, प्रकाश, सुरक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे श्रद्धालुओं को पर्व के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही उन्होंने सेल्फी पॉइंट्स भी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें, ताकि छठ पर्व से पूर्व सभी घाट स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित हो सकें।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। जनपद प्रशासन एवं नगर निगम द्वारा छठ पर्व को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां समय से सुनिश्चित करें।