👉#अधिवक्ता के भाई की मौत के मामले में कार्रवाई न होने से भड़के वकील, कचहरी गेट पर किया प्रदर्शन
शाहजहांपुर। अधिवक्ता अवनीश कुमार सिंह के भाई सुधीर कुमार सिंह की मौत के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी और न्याय की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने कचहरी गेट रोड पर बैठकर जोरदार प्रदर्शन किया। सेंट्रल बार एसोसिएशन के महासचिव राजेश अवस्थी ने पुलिस-प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अधिवक्ताओं की ताकत को कम आंकने की भूल न करें। उन्होंने नेहरू-गांधी के संघर्ष का हवाला देते हुए कहा कि न्याय की लड़ाई में अधिवक्ता पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने मामले में जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया।अधिवक्ताओं का कहना है कि 30 अगस्त को सुधीर कुमार सिंह की मौत के मामले में खुदागंज थाने में गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया था। बाद में जांच सिंधौली थाने स्थानांतरित कर दी गई, लेकिन करीब ढाई महीने बीतने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई। राजेश अवस्थी ने बताया कि आगे की रणनीति बैठक में तय की जाएगी। सोमवार को दोबारा आंदोलन किया जाएगा।