मणिकर्ण में नदी किनारे फोटो खिंचवाना पड़ा भारी, पंजाब के तीन पर्यटक तेज बहाव में बहे, समय रहते बचाई गई जान
नदी के किनारे फिसलने से मची अफरा-तफरी, प्रशासन ने पर्यटकों से सतर्क रहने और जोखिम न लेने की अपील की
कुल्लू जिले के मणिकर्ण में उस समय हड़कंप मच गया जब पंजाब से घूमने आए एक परिवार के तीन सदस्य नदी किनारे फोटो खिंचवाने के दौरान अचानक फिसलकर तेज बहाव में जा गिरे। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों की सतर्कता से राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया, जिसके चलते तीनों पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। समय रहते मदद मिलने से एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे नदियों और खतरनाक स्थानों के समीप सेल्फी या फोटो खिंचवाते समय विशेष सावधानी बरतें। प्रशासन ने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए सुरक्षा निर्देशों का पालन करना बेहद जरूरी है।