श्री मणिमहेश यात्रा-2026 की तैयारियां तेज, एडीएम भरमौर ने ली समन्वय बैठक
मार्गों के पुनर्निर्माण, पुलों की बहाली और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था पर हुआ विस्तृत मंथन.
भरमौर, 24 जून।
आगामी श्री मणिमहेश यात्रा-2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर बुधवार को एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी (एडीएम) भरमौर श्री विकास शर्मा ने की। बैठक में विभिन्न लंगर समितियों, ग्राम पंचायत हड़सर एवं कुगती के प्रधानों, व्यापार मंडल भरमौर, राज्य सरकार द्वारा मनोनीत गैर-सरकारी सदस्यों तथा श्री मणिमहेश ट्रस्ट (एसएमएमटी) के विशेष आमंत्रित सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक में यात्रा से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान जानकारी दी गई कि गत वर्ष प्राकृतिक आपदा के कारण क्षतिग्रस्त हुए यात्रा मार्गों के सुधार एवं पुनर्निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। साथ ही बह चुके पुलों को पुनः स्थापित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही सुरक्षित एवं सुचारू बनी रहे।
एडीएम भरमौर श्री विकास शर्मा ने गत वर्ष आई आपदा के दौरान लंगर समितियों, पंचायत प्रतिनिधियों, व्यापार मंडल और स्थानीय नागरिकों द्वारा प्रशासन को दिए गए सहयोग की सराहना करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में सभी हितधारकों द्वारा प्रदर्शित सेवा भावना और समर्पण यात्रा प्रबंधन के लिए प्रेरणास्रोत रहा है।
बैठक के दौरान प्रतिनिधियों ने विद्युत आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था, यात्रा मार्गों की स्थिति, स्वच्छता, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा संचार व्यवस्था से संबंधित विभिन्न सुझाव और समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। इस पर एडीएम ने आश्वस्त किया कि सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएंगी।
लंगर समितियों ने गत वर्ष की आपदा से मिले अनुभवों के आधार पर बेहतर संचार व्यवस्था के लिए वायरलेस सेट उपलब्ध करवाने की मांग भी रखी। इस पर एडीएम ने कहा कि इस विषय को उच्च अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित और प्रभावी संचार एवं समन्वय सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में एडीएम ने यह भी जानकारी दी कि गत वर्ष आपदा में जान गंवाने वाले व्यक्तियों के आश्रित निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन माध्यम से राहत सहायता (रिलीफ फंड) के लिए आवेदन कर सकते हैं।
बैठक में उपस्थित सभी लंगर समितियों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने यात्रा के सफल आयोजन हेतु प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
बैठक के अंत में एडीएम भरमौर श्री विकास शर्मा ने सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि श्री मणिमहेश यात्रा केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग, समर्पण और जनभागीदारी का एक अनुपम उदाहरण है। प्रशासन एवं समाज के संयुक्त प्रयासों से ही इस पवित्र यात्रा का सफल और सुरक्षित संचालन सुनिश्चित किया जा सकता है।