प्रणया फैशन एंड लाइफस्टाइल प्रदर्शनी का शुभारंभ, महिला उद्यमिता को प्रोत्साहन देने की सराहनीय पहल
कासगंज। जनपद कासगंज स्थित होटल फोर लीफ में आयोजित प्रणया फैशन एंड लाइफस्टाइल प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में पधारीं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या श्रीमती रेनू गौड़ जी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रत्नेश कश्यप जी एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीना माहेश्वरी जी की उपस्थिति में फीता काटकर किया गया।
प्रदर्शनी में फैशन एवं लाइफस्टाइल, बच्चों के उपयोग की वस्तुओं, हस्तनिर्मित खाद्य उत्पादों सहित विभिन्न प्रकार के स्टॉल लगाए गए। इस दौरान प्रदर्शनी में उपलब्ध उत्पादों का अवलोकन किया गया तथा खरीदारी भी की गई।
इस अवसर पर कहा गया कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उन्हें स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रोत्साहित कर रही हैं। प्रणया फैशन एंड लाइफस्टाइल प्रदर्शनी जैसे आयोजन महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन के लिए मंच प्रदान कर सरकार की इस भावना को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। महिलाओं का आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनना न केवल उनके व्यक्तिगत विकास, बल्कि परिवार और समाज की प्रगति के लिए भी आवश्यक है।
इस प्रकार की पहल स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान दिलाने, महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा स्वावलंबन की भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में सराहनीय कदम हैं।