मंडलायुक्त ओ.पी. आर्य ने कलेक्ट्रेट सभागार कासगंज में डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट कैम्प का किया शुभारंभ
---------------------------------------------------
*शासन की नई व्यवस्था से पेंशनर्स घर बैठे डिजिटल माध्यम से प्रेषित कर सकेंगे जीवित प्रमाण पत्र*
------------------------------------------------
*मंडलायुक्त ने पेंशनर्स एवं वरिष्ठ नागरिकों से नई प्रक्रिया सीखकर अन्य लोगों को भी जागरूक करने की अपील की*
------------------------------------------------
कासगंज, 17 अक्टूबर 2026। मंडलायुक्त ओ.पी. आर्य ने आज कलेक्ट्रेट सभागार, कासगंज में जिला प्रशासन के तत्वावधान में जनपद स्तर पर डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (जीवन प्रमाण पत्र) प्राप्त किए जाने हेतु आयोजित कैम्प का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने शासन द्वारा निर्धारित नई व्यवस्था की जानकारी देते हुए कहा कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से पेंशनर्स को जीवित प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया को अधिक सरल, सुगम एवं सुविधाजनक बनाया जा रहा है। इससे पेंशनर्स को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी और वे घर बैठे ही डिजिटल माध्यम से अपना जीवित प्रमाण पत्र प्रेषित कर सकेंगे।
मंडलायुक्त ने कहा कि डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट की व्यवस्था पेंशनर्स, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों के लिए अत्यंत उपयोगी है। तकनीक के प्रभावी उपयोग से शासकीय सेवाओं को आमजन तक सरलता से पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कैम्प में आने वाले सभी पेंशनर्स को नई प्रक्रिया की जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराई जाए तथा उन्हें डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट तैयार करने एवं प्रेषित करने की प्रक्रिया समझाई जाए, ताकि किसी भी पेंशनर्स को अनावश्यक कठिनाई का सामना न करना पड़े।
उन्होंने पेंशनर्स एवं वरिष्ठ नागरिकों से अपील की कि वे शासन द्वारा निर्धारित नई प्रक्रिया को ध्यानपूर्वक समझें और सीखें। इसके साथ ही अपने परिवार के सदस्यों, परिचितों तथा अन्य पेंशनर्स को भी इस सुविधा के प्रति जागरूक करें, जिससे अधिक से अधिक लोग डिजिटल व्यवस्था का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि जागरूकता एवं तकनीकी जानकारी के माध्यम से सरकारी सेवाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से प्राप्त किया जा सकता है।
मंडलायुक्त ने कहा कि शासन की प्राथमिकता जनसामान्य को पारदर्शी, सुगम एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है। डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट की सुविधा इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से पेंशनर्स को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपना जीवित प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने में सुविधा मिलेगी तथा डिजिटल सेवाओं के प्रति उनका विश्वास भी बढ़ेगा।
मण्डलायुक्त ने जिलाधिकारी कासगंज प्रणय सिंह के सराहनीय प्रयास की सराहना की। कैम्प के माध्यम से पेंशनर्स को डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट से संबंधित प्रक्रिया की जानकारी प्रदान करने पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर जेडीसी मंशाराम यादव, वरिष्ठ कोषाधिकारी अजीत कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारी, पैंशनर्स, वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।