कासगंज पुलिस ने बरामद किए 120 गुम मोबाइल फोन, कीमत 32 लाख रुपये
मिशन शक्ति 6.0 अभियान के तहत साइबर सेल को मिली बड़ी सफलता, पांच राज्यों से बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे
कासगंज। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर चलाए जा रहे मिशन शक्ति 6.0 अभियान के तहत कासगंज पुलिस की साइबर सेल टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 120 गुम मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 32 लाख रुपये बताई गई है। शुक्रवार, 16 अक्टूबर को सत्यापन के बाद सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए गए। लंबे समय बाद अपने गुम मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस की सराहना करते हुए आभार जताया।
पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी साइबर अपराध/पटियाली अमित कुमार के नेतृत्व में साइबर सेल और थानों पर तैनात साइबर हेल्प डेस्क कर्मियों ने गुम मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया।
CEIR पोर्टल और IMEI ट्रैकिंग से मिली सफलता
पुलिस टीम ने CEIR पोर्टल और IMEI ट्रैकिंग की मदद से उत्तर प्रदेश सहित दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश के विभिन्न स्थानों से मोबाइल फोन बरामद किए। इसके बाद आवश्यक सत्यापन कर मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द कर दिए गए।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
मोबाइल फोन बरामद करने वाली टीम में साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सोनू सिंह, हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह तथा कांस्टेबल विवेक कुमार, विजन कुमार, अनुज कुमार, सुखवीर सिंह और स्वप्निल सिवाच शामिल रहे।
#Kasganjpolice