न्याय पंचायत स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाया दमखम
पटियाली। विकासखंड पटियाली में खंड शिक्षा अधिकारी राजकुमार के निर्देशन में न्याय पंचायत स्तरीय मिनी बाल क्रीड़ा प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। शुक्रवार को दरियावगंज, मझोला और नगला अमीर में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। इसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के बालक-बालिकाओं के लिए 50, 100, 200 और 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, कबड्डी, खो-खो सहित विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं। बच्चों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया। ब्लॉक पीटीआई अजय यादव ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
इस दौरान मुख्य अतिथि चमन सेठ, नगर पंचायत अध्यक्ष भरगैन ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलकूद से विद्यार्थियों का शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, सहयोग और नेतृत्व क्षमता भी विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
दरियावगंज में नोडल शिक्षक संदीप कुमार, महिपाल सिंह, यशवीर सिंह, रामदास, अनुभव तिवारी, अरविंद कुमार, नरेंद्र उपाध्याय और राजीव यादव सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे। वहीं, नगला अमीर में नोडल शिक्षक सत्यप्रकाश पाल, नरेश चंद्र तिवारी, चंद्रदेव दीक्षित, मौहर सिंह, विजयपाल, सैयद रशीद अली, अंकित राजपूत, कैलाश श्रीवास्तव, हरीश चौधरी और मानवेंद्र सिंह सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सहयोग किया।