राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के लिए सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश
Kullu Times
एडीएम कुल्लू सुरजीत सिंह राठौर अध्यक्षता में सोमवार को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई I कृमि मुक्ति दिवस की बैठक में एडीएम ने कहा कि अगस्त माह में आयोजित किये जाने वाले कृमि मुक्ति दिवस को सरकार द्वारा वर्षा ऋतु के कारण विलम्ब के चलते अब 18 सितम्बर को आयोजित करना सुनिश्चित किया गया है I उन्होंने कहा कि इस दिन जिला में एक से पांच वर्ष के 24171 बच्चों को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा एल्बेंडाजोल और विटामिन ए की खुराक पिलाई जाएगीI छह से उन्नीस वर्ष के 47300 बच्चों को तथा निजी स्कूल के 28481 बच्चों को एल्बेंडाजोल के साथ विटामिन -ए की खुराक स्कूल में नियुक्त शिक्षा विभाग के नियुक्त नोडल अध्यापकों के माध्यम से दी जाएगी I इसके साथ ही छ: से नौ वर्ष के 144 बच्चों को, 10 से 19 वर्ष के 1521 बच्चे जिनका स्कूल में दाखिला नहीं है तथा इसके साथ ही झुग्गी झोपड़ियों और प्रवासी मजदूरों के बच्चों को भी एल्बेंडाजोल और विटामिन-ए की खुराक पिलाई जाएगी I उन्होंने कहा कि इस अभियान में एक भी बच्चा बिना दवा के नहीं छूटना चाहिए I उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भी विशेष निर्देश देते हुए कहा कि स्कूलों में साफ सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए I पीने के पानी की टंकियों की समय समय पर की गई साफ सफाई की कि रिपोर्ट लेना भी सुनिश्चित करें I बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ रणजीत, कार्यक्रम अधिकारी डॉ उषा, जिला कार्यक्रम अधिकारी आईसीडीएस कुंदन लाल सहित शिक्षा एवं अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे I
Kullu, Kullu | Sep 14, 2026