राजकीय महाविद्यालय पनारसा में अंत्याक्षरी प्रतियोगिता का आयोजन
पनारसा, 14 सितंबर। राजकीय महाविद्यालय पनारसा में हिंदी माह के अंतर्गत प्रथम ,द्वितीय ,तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए अंत्याक्षरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रति रुचि विकसित करना तथा उनके सामान्य साहित्यिक ज्ञान को बढ़ावा देना था।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों से कवियों, लेखकों, पुस्तकों, पत्र-पत्रिकाओं, साहित्यिक कृतियों एवं अन्य हिंदी साहित्य से संबंधित विषयों के आधार पर प्रश्न पूछे गए। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतियोगिता में भाग लेते हुए अपनी साहित्यिक एवं सामान्य ज्ञान संबंधी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में लगभग 50 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्राचार्या डॉ. उरसेम लता उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में हिंदी भाषा और साहित्य के प्रति रुचि पैदा करने के साथ-साथ उनके ज्ञान एवं आत्मविश्वास को भी बढ़ाती हैं।
इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक गण भी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को मनोरंजक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधि के माध्यम से हिंदी साहित्य से जुड़ने का अवसर प्रदान किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों की सराहना की गई।
Kullu, Kullu | Sep 14, 2026