अररिया जिला पदाधिकारी ने जिला पंचायती राज कार्यालय के कार्यों की समीक्षा की, पंचायत स्तर पर कर्मियों की नियमित उपस्थिति एवं अभिलेखों के समुचित संधारण के दिए निर्देश
जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन द्वारा जिला पंचायती राज कार्यालय के कार्यों की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान पंचायत स्तर पर संचालित कार्यों, कर्मियों की उपस्थिति, पंचायत सरकार भवन एवं विवाह मंडप के लिए भूमि की उपलब्धता, लोक सेवाओं की सहज उपलब्धता तथा पंचायत स्तर पर अभिलेखों के संधारण सहित विभिन्न बिंदुओं पर आवश्यक निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने सभी पंचायतों में पंचायत स्तरीय कर्मियों की कार्य अवधि में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कर्मियों की उपस्थिति बायोमैट्रिक अटेंडेंस के माध्यम से दर्ज कराई जाए तथा उपस्थिति के आधार पर ही मानदेय/वेतन भुगतान की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इससे पंचायत स्तर पर कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित होने के साथ आमजनों को सरकारी सेवाओं का समय पर लाभ मिल सकेगा।
समीक्षा के क्रम में पंचायतों में अवस्थित आरटीपीएस को आमजनों के लिए सहज एवं सुलभ तरीके से उपलब्ध कराने पर भी निर्देश दिए। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि पंचायतों में प्रतिनियुक्त कर्मियों को बिना जिला पदाधिकारी के अनुमोदन के किसी अन्य कार्यालय में प्रतिनियुक्त नहीं किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंचायत स्तर पर आम लोगों को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने में पंचायत कर्मियों की भूमिका होती है, इसलिए उनकी उपलब्धता पंचायतों में सुनिश्चित रहनी चाहिए।
जिला पदाधिकारी ने प्रत्येक पंचायत में पंचायत सरकार भवन एवं विवाह मंडप के निर्माण हेतु आवश्यक भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर भी निर्देश दिए। उन्होंने जिला पंचायती राज पदाधिकारी को सभी सीओ की समीक्षा बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने तथा भूमि उपलब्धता से संबंधित मामलों की नियमित समीक्षा एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
इसके अतिरिक्त पंचायत स्तर पर अभिलेखों के समुचित एवं व्यवस्थित संधारण को लेकर भी जिला पदाधिकारी ने गंभीरता से कार्य करने का निर्देश दिया। पंचायत स्तर पर विभिन्न अभिलेखों के संधारण के लिए जिला स्तर से प्रशिक्षण उपलब्ध कराने तथा आवश्यक प्रशिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि पंचायत कर्मियों द्वारा अभिलेखों का सही एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप संधारण सुनिश्चित किया जा सके।
Araria, Araria | Aug 22, 2026