अररिया जिला पदाधिकारी ने की परिवहन विभाग की समीक्षात्मक बैठक
राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति में तेजी लाने, लंबित कार्यों के त्वरित निष्पादन एवं बसों में अधिक किराया वसूली पर कार्रवाई के दिए निर्देश
जिला पदाधिकारी, अररिया श्री विनोद दूहन द्वारा आज जिला परिवहन कार्यालय, अररिया की समीक्षात्मक बैठक की गई। बैठक में परिवहन विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों, राजस्व संग्रहण, ड्राइविंग लाइसेंस एवं निबंधन प्रमाण-पत्र के निष्पादन सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को सरकार द्वारा निर्धारित राजस्व लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति की दिशा में प्रभावी एवं समन्वित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। समीक्षा में पाया गया कि अररिया जिले द्वारा जुलाई माह तक निर्धारित राजस्व लक्ष्य का 28.32 प्रतिशत प्राप्त किया गया है। जिला पदाधिकारी ने राजस्व संग्रहण में तेजी लाने तथा लक्ष्य की प्राप्ति हेतु नियमित रूप से समीक्षा एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने ड्राइविंग लाइसेंस एवं निबंधन प्रमाण-पत्र से संबंधित आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आमजनों से संबंधित कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए तथा लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निष्पादन किया जाए।
बैठक के दौरान जिले में संचालित बसों द्वारा यात्रियों से निर्धारित किराया से अधिक राशि वसूले जाने की शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने इस संबंध में विशेष जांच दल गठित कर जिलेभर में बसों का औचक निरीक्षण करने तथा निर्धारित किराया से अधिक राशि वसूलने वाले बस संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माना एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही बसों में निर्धारित किराया सारणी प्रदर्शित कराने एवं यात्रियों से केवल अनुमन्य किराया ही वसूलने का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
शहरी क्षेत्र में यातायात दबाव एवं जाम की स्थिति वाले क्षेत्रों की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर यातायात को सुचारू एवं नियंत्रित रखने का निर्देश दिया। उन्होंने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में प्रभावी ट्रैफिक रेगुलेशन तथा आवश्यकता के अनुसार प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में हिट एंड रन से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने परिवहन विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में मुआवजा राशि से संबंधित संचिकाओं का बिना किसी विलंब के निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लाभुकों को समय पर मुआवजे का लाभ मिल सके।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परिवहन विभाग से संबंधित आमजनों के कार्यों का समयबद्ध निष्पादन प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए उनका त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें तथा आमजन को किसी प्रकार की अनावश्यक कठिनाई न हो।
बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी सहित परिवहन विभाग के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
Araria, Araria | Aug 22, 2026