बेतिया में सोवा बाबू चौक से खुदाबख्श चौक तक बनेगी डबल लेन सड़क, खर्च होंगे 3 करोड़ रुपए, नाला सहित पीसीसी सड़क निर्माण का कार्यादेश जारी, नौ महीने में पूरा होगा निर्माण कार्य...
बेतिया की प्रमुख सड़कों में शामिल सोवा बाबू चौक से मीना बाजार, जंगी मस्जिद होते हुए खुदाबख्श चौक तक अब नाला सहित डबल लेन पीसीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी योजना पर नगर निगम करीब तीन करोड़ रुपए खर्च करेगा। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि सोमवार, 23 नवंबर को इस योजना का कार्यादेश जारी कर दिया गया है। करीब 2 करोड़ 99 लाख 96 हजार 667 रुपए की लागत से होने वाले इस निर्माण कार्य की जिम्मेदारी निविदा प्रक्रिया के माध्यम से मेसर्स शक्ति कंस्ट्रक्शन को सौंपी गई है। महापौर ने बताया कि यह सड़क बेतिया के सघन शहरी क्षेत्र की लाइफलाइन मानी जाती है। सोवा बाबू चौक से अवंतिका चौक, ट्रैफिक चौक, शीतला माई चौक और जंगी मस्जिद होते हुए खुदाबख्श चौक तक जाने वाला यह मार्ग शहर की यातायात व्यवस्था के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इस सड़क से आवागमन करते हैं। उन्होंने कहा कि सड़क के डबल लेन पीसीसी निर्माण के साथ नाले का भी निर्माण कराया जाएगा। इससे एक ओर जहां जल निकासी की समस्या दूर करने में मदद मिलेगी, वहीं दूसरी ओर लोगों को जाम और आवागमन की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है। इस योजना के पूरा होने से शहर की आधारभूत नागरिक सुविधाओं का भी विस्तार होगा। महापौर ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप नौ माह के भीतर पूरा करना अनिवार्य होगा। निर्माण में प्राक्कलन के अनुसार सामग्री का उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही निगम प्रशासन द्वारा कार्य की गुणवत्ता की जांच के बाद ही संवेदक को अंतिम भुगतान किया जाएगा।
#champaran24news #nonfollowersviewers #viralreelsfacebook #viralreelschallenge #CMSamrat #samratchoudhary
Bettiah, West Champaran | Nov 24, 2026