उर्वरकों की कालाबाजारी एवं अवैध तस्करी पर लगेगी लगाम।
भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में कृषि विभाग और एसएसबी का संयुक्त फ्लैग मार्च।
इनरवा बाजार में उर्वरक प्रतिष्ठानों की जांच, स्टॉक एवं बिक्री पंजी का किया गया सत्यापन।
वासंतिक (रबी) मौसम में उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी एवं अवैध तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा किसानों को निर्धारित दर पर उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में आज भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र अंतर्गत मैनाटांड़ प्रखंड के इनरवा बाजार में कृषि विभाग एवं सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च किया गया। इस दौरान विभिन्न उर्वरक प्रतिष्ठानों की जांच भी की गई।
जिला कृषि पदाधिकारी के निर्देश पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी, मैनाटांड़ एवं एसएसबी के अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र में उर्वरकों की अवैध तस्करी पर रोक लगाने, संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने तथा आपसी समन्वय के साथ सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की।
संयुक्त जांच अभियान के दौरान उर्वरकों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण एवं जमाखोरी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा आवश्यकता पड़ने पर छापेमारी अभियान चलाने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही, उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने और किसानों को निर्धारित सरकारी दर पर उर्वरक उपलब्ध कराने को लेकर आवश्यक रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस क्रम में विभिन्न खुदरा उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर उपलब्ध उर्वरक स्टॉक एवं बिक्री पंजी की जांच की गई। अधिकारियों ने उर्वरक विक्रेताओं को निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
जिला कृषि पदाधिकारी ने कहा कि किसानों के हितों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी एवं अवैध तस्करी में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों एवं प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
#samratchoudhary
#cmsamrat
Samrat Choudhary
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Department of Agriculture, Government of Bihar
Ministry of Agriculture & Farmer’s Welfare, Government of India