#गुना - आईटीआई राघोगढ़ में कौशल दीक्षांत समारोह आयोजित
शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) राघोगढ़ में शनिवार को पाँचवाँ कौशल दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। समारोह में प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले एवं विभिन्न परीक्षाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले उत्कृष्ट प्रशिक्षणार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों के अभिभावक भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्राचार्य एवं प्रभारी बीईओ श्री मनीष जैन, एक्सीलेंस स्कूल राघोगढ़ तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में चिकित्सा अधिकारी डॉ. बरुआ उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं सम्मान प्रदान किए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कौशल प्रशिक्षण को आत्मनिर्भरता और रोजगार का महत्वपूर्ण आधार बताया।
संस्थान की प्राचार्य सुश्री पल्लवी पाराशर ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्थान में संचालित कौशल प्रशिक्षण, व्यावहारिक शिक्षा एवं रोजगारोन्मुखी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को अर्जित कौशल का उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने और देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के दौरान लखनऊ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह का सीधा प्रसारण भी किया गया। उपस्थित अतिथियों, प्रशिक्षणार्थियों एवं अभिभावकों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।
कार्यक्रम का संचालन श्री आकाश प्रजापति ने किया। समारोह की व्यवस्थाओं में प्रशिक्षण अधिकारी श्री प्रणय तिवारी, श्री जगदीश मेहर एवं संस्थान के समस्त स्टाफ सदस्यों का योगदान रहा। अंत में सभी अतिथियों, अभिभावकों, प्रशिक्षणार्थियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
#Guna CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh Gwalior Commissioner Directorate of Technical Education, Madhya Pradesh