जय कृष्णागिरी पब्लिक हाई स्कूल भरमौर में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, नन्हे-मुन्नों ने बिखेरे संस्कृति के रंग
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो भरमौर (चंबा), 9 सितंबर 2026।
जय कृष्णागिरी पब्लिक हाई स्कूल भरमौर में बुधवार को नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी कक्षाओं के नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने आकर्षक वेशभूषा धारण कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसे देखकर उपस्थित अभिभावक और शिक्षक भी काफी उत्साहित नजर आए।
कार्यक्रम में बच्चों के साथ उनके अभिभावकों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। विभिन्न पारंपरिक एवं आकर्षक परिधानों में सजे बच्चों ने अपनी मासूम अदाओं और शानदार प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। विद्यालय परिसर में इस दौरान उत्साह और खुशी का माहौल बना रहा।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में छोटी उम्र से ही अपनी संस्कृति, पारंपरिक पहनावे और स्थानीय भाषा-बोली के प्रति जागरूकता एवं लगाव पैदा करना है। साथ ही ऐसे आयोजनों के माध्यम से बच्चों के आत्मविश्वास, रचनात्मकता और मंच पर अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने की क्षमता को बढ़ावा देना भी है।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यापक रोमा देवी, उमा देवी, रिषिता देवी, शुभम देवी, कार्तिक सिंह, सुंदर सिंह, सुरेंद्र कुमार, संदीप कुमार, दीपक कुमार, बीना देवी, कृष्णा कुमारी और काजल शर्मा सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा। विद्यालय प्रबंधन ने बच्चों और अभिभावकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी के लिए आभार व्यक्त किया।