चन्हौता मेले के समापन समारोह में शामिल हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अमित भरमौरी, क्षेत्रवासियों को दी शुभकामनाएं
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो होली
ग्राम पंचायत चनहौता के गांव चनहौता में आयोजित तीन दिवसीय मेले का मंगलवार को विधिवत समापन हो गया। समापन समारोह में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अमित भरमौरी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और समस्त इलाका वासियों को मेले के सफल आयोजन की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
अमित भरमौरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाले पारंपरिक मेले हमारी समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और आपसी भाईचारे के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजनों से क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संजोए रखने के साथ-साथ लोगों को आपस में मिलने-जुलने और अपनी संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिलता है।
उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए स्थानीय मेला समिति, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और सभी आयोजकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों को भविष्य में भी इसी उत्साह और आपसी सहयोग के साथ आयोजित किया जाना चाहिए।
समापन समारोह के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भरमौर के अध्यक्ष संजय ठाकुर, जिला परिषद खनी वार्ड के सदस्य सुभाष चंद सहित क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोग एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
अमित भरमौरी ने मेला समिति, प्रधान, उपप्रधान, बीडीसी सदस्य एवं समस्त आयोजकों द्वारा दिए गए मान-सम्मान के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों का यह स्नेह और सम्मान उनके लिए हमेशा प्रेरणादायी रहेगा।