पुलिस चौकी के सामने से ही चंबल रेत का अवैध कारोबार! 99% उत्खनन बंद कराने के दावे की खुली पोल, वीडियो वायरल
मुरैना। चंबल रेत माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब उन्हें पुलिस चौकी का भी खौफ नहीं रह गया है। दिमनी थाना क्षेत्र में पुलिस चौकी के ठीक सामने से ही दिनदहाड़े चंबल नदी की रेत का अवैध परिवहन किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की निगरानी व्यवस्था और प्रशासन के दावों पर सवाल खड़े हो गए हैं।
दरअसल, बरेथा गांव के पास क्वारी नदी पुल के नजदीक चंबल रेत के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए पुलिस चौकी स्थापित की गई है। यह चौकी आयुष अस्पताल में संचालित है। यहां निगरानी के लिए एसएएफ का 4-1 का गार्ड भी तैनात रहता है। इसके बावजूद आरोप है कि चौकी के ठीक सामने से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में चंबल की रेत भरकर खुलेआम परिवहन किया जा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस समय पर मौके पर पहुंचकर कार्रवाई नहीं करती। इससे नाराज ग्रामीणों ने चौकी के सामने से गुजरती रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
99 प्रतिशत उत्खनन बंद कराने के दावे पर सवाल
गौरतलब है कि हाल ही में सीईसी की बैठक में कलेक्टर और एसपी ने चंबल रेत के अवैध उत्खनन पर 99 प्रतिशत तक अंकुश लगाने का दावा किया था। लेकिन पुलिस चौकी के सामने से ही रेत के अवैध परिवहन का वायरल वीडियो प्रशासन के इन दावों की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े कर रहा है।
अब सवाल यह है कि जब पुलिस चौकी के सामने ही रेत माफिया बेखौफ होकर सक्रिय हैं, तो जिले के अन्य इलाकों में अवैध रेत कारोबार की स्थिति क्या होगी? क्या प्रशासन वायरल वीडियो के आधार पर जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई करेगा?
#मुरैना #morena #चंबल #रेत #माफिया