बाल दिवस पर बच्चों ने लिया तंबाकू से दूर रहने का संकल्प
सांदीपनि शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जौरा में बाल मेले के दौरान आयोजित हुआ तंबाकू नियंत्रण एवं जागरूकता कार्यक्रम
विद्यार्थियों को तंबाकू के दुष्परिणामों की जानकारी देकर तंबाकू मुक्त विद्यालय एवं समाज बनाने के लिए किया प्रेरित
बाल दिवस के अवसर पर सांदीपनि शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जौरा में आयोजित बाल मेले के दौरान तंबाकू नियंत्रण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों के सेवन से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए जीवनभर तंबाकू से दूर रहने का संकल्प दिलाया गया। साथ ही बच्चों, शिक्षकों एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कमलेश कुमार भार्गव उपस्थित रहे। इस अवसर पर बिस्मिल फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. नरेश सिंह सिकरवार, जौरा की पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती शारदा कैलाश मित्तल, जिला शिक्षा अधिकारी श्री बी.एस. इन्दोलिया, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री मधुमंगल शुक्ला, बीआरसी श्री राजीव जादौन, क्षत्रिय महासभा जिला मुरैना के अध्यक्ष श्री सत्येंद्र सिंह सिकरवार तथा विद्यालय के प्राचार्य श्री बी.एन. त्यागी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम से डॉ. सत्येंद्र कुमार कौरव, राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम से श्री अमन भदौरिया, धरती संस्था के कार्यक्रम समन्वयक श्री आकाश सेंगर तथा जौरा तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम से श्री पवन कुमार ने विद्यार्थियों को तंबाकू के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तंबाकू का सेवन मुंह एवं फेफड़ों के कैंसर, हृदय रोग सहित अनेक गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण है। तंबाकू किसी भी रूप में स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित नहीं है। इससे बचाव का सबसे प्रभावी उपाय इसका सेवन नहीं करना है।
विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया कि वे स्वयं तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को तंबाकू मुक्त जीवन अपनाने तथा अपने विद्यालय एवं समाज को तंबाकू मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान अभियान के उद्देश्यों एवं दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए बताया गया कि विद्यालय परिसर में तंबाकू उत्पादों का सेवन, बिक्री एवं प्रचार पूरी तरह प्रतिबंधित होना चाहिए। इसके साथ ही विद्यालय परिसर में तंबाकू निषेध संबंधी सूचना पट्ट प्रदर्शित करने तथा शैक्षणिक संस्थान की 100 गज की परिधि को तंबाकू मुक्त बनाए रखने के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयासों से शैक्षणिक संस्थानों में स्वस्थ, सुरक्षित एवं तंबाकू मुक्त वातावरण तैयार करने की आवश्यकता बताई गई।
वक्ताओं ने कहा कि बच्चों एवं किशोरों को तंबाकू की लत से बचाने के लिए विद्यालय स्तर पर निरंतर जागरूकता गतिविधियां आयोजित करना आवश्यक है। इसमें स्वास्थ्य विभाग एवं शिक्षा विभाग के समन्वय के साथ शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन की महत्वपूर्ण भूमिका है। जागरूकता के माध्यम से ही नई पीढ़ी को तंबाकू के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखा जा सकता है।
कार्यक्रम का मंच संचालन श्री सत्येंद्र सिंह सिकरवार ने किया। उपस्थित अतिथियों ने बाल दिवस के अवसर पर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, अच्छे स्वास्थ्य एवं नशामुक्त जीवन की कामना करते हुए सभी से तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि यह जागरूकता कार्यक्रम राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम, स्वास्थ्य विभाग एवं धरती संस्था द्वारा नरोतम सेखसरिया फाउंडेशन तथा सलाम मुंबई फाउंडेशन के सहयोग से संचालित तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य जिले के शैक्षणिक संस्थानों में तंबाकू नियंत्रण संबंधी दिशा-निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना, बच्चों एवं किशोरों को तंबाकू के दुष्प्रभावों से बचाना तथा उन्हें स्वस्थ एवं सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है। बाल दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने बच्चों को स्वस्थ बचपन और बेहतर भविष्य के लिए तंबाकू से दूर रहने तथा दूसरों को भी जागरूक करने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।
#JansamparkMP #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh