#WorldMalariaDay पर विद्यार्थियों को मच्छरजनित रोगों की रोकथाम एवं बचाव के प्रति किया जागरूक
मलेरिया, डेंगू सहित अन्य मच्छरजनित रोगों से बचाव के उपायों की दी जानकारी
राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत विश्व मच्छर दिवस के अवसर पर शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जौरा खुर्द एवं शासकीय मॉडल स्कूल, मुरैना में मच्छरजनित रोगों की रोकथाम एवं बचाव के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशानुसार तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पद्मश उपाध्याय एवं जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. महेंद्र यादव के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को मलेरिया, डेंगू, चिकुनगुनिया एवं जापानी इंसेफेलाइटिस जैसी मच्छरजनित बीमारियों के कारण, लक्षण, बचाव एवं नियंत्रण के उपायों की जानकारी दी गई। दोनों विद्यालयों में कुल 250 छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया, जिसमें शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जौरा खुर्द में 140 तथा शासकीय मॉडल स्कूल, मुरैना में 110 विद्यार्थी शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान शैक्षणिक फिल्म के माध्यम से विद्यार्थियों को मच्छर के जीवन चक्र, लार्वा के पनपने के स्थान, मलेरिया एवं डेंगू के प्रमुख लक्षण, संक्रमण के कारण तथा बचाव के उपायों की जानकारी सरल एवं रोचक ढंग से दी गई। इसके पश्चात मलेरिया निरीक्षक देवदत्त उपाध्याय, एमपीडब्ल्यू दिनेश शर्मा एवं मलेरिया टीम द्वारा विद्यार्थियों को मच्छरजनित रोगों की रोकथाम एवं लार्वा नियंत्रण के संबंध में आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया।
विद्यार्थियों को बताया गया कि मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए घर एवं विद्यालय परिसर में पानी जमा न होने दें तथा कूलर, पानी की टंकियों एवं अन्य जल पात्रों की नियमित रूप से सफाई करें। मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी एवं अन्य आवश्यक सावधानियों का उपयोग करें। बुखार अथवा मच्छरजनित रोगों से संबंधित लक्षण दिखाई देने पर स्वयं उपचार न करते हुए तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केन्द्र पर जांच एवं आवश्यक उपचार कराया जाए।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यार्थियों से अपने घर-परिवार एवं आसपास के लोगों को भी मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के उपायों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से परिवार एवं समुदाय स्तर तक स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश पहुंचाना तथा जनसहभागिता के माध्यम से मलेरिया, डेंगू एवं अन्य मच्छरजनित रोगों की प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित करना रहा।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh
466 views | Morena, Madhya Pradesh | Aug 21, 2026