नवडीहा ओपी घेराव: भारी बारिश के बीच हजारों महिला-पुरुषों ने जताया आक्रोश, 15 दिन में समाधान का अल्टीमेटम
गिरिडीह। भाकपा माले के नेतृत्व में नवडीहा ओपी घेराव कार्यक्रम सोमवार को भारी बारिश के बावजूद सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। ओपी प्रभारी की कथित मनमानी और तानाशाही के खिलाफ बड़ी संख्या में महिला-पुरुष थाना गेट पर जुटे और अपनी समस्याओं को लेकर आक्रोश जताया।
भाकपा माले नेताओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में भू-माफिया और पुलिस के गठजोड़ के कारण गरीबों और दलितों की जमीन पर लगातार कब्जे की शिकायतें सामने आ रही हैं। नेताओं ने कहा कि इलाके में भाजपा विधायक का आवास होने के बावजूद आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान भाकपा माले की ओर से मांग की गई कि थाना परिसर में दलालों और बिचौलियों के जमावड़े पर रोक लगाई जाए तथा मजदूरों, किसानों और गरीबों से जुड़े मामलों का 15 दिनों के भीतर समाधान किया जाए। मांगें पूरी नहीं होने पर शत्रु–गिरिडीह मुख्य मार्ग को जाम करने की चेतावनी दी गई।
प्रदर्शनकारियों के दबाव के बाद ओपी प्रभारी ने आम लोगों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही थाना परिसर के अंदर दलालों और बिचौलियों को बैठने नहीं देने की बात कही।
कार्यक्रम में भाकपा माले केंद्रीय कमेटी सदस्य हलधर महतो, जिला सचिव अशोक पासवान, मीना दास, विजय पांडेय, मनोवर हसन बंटी, रामकुमार वर्मा, रीतलाल वर्मा, रिझो महतो, बीरेन्द्र वर्मा, रामरतन वर्मा, सुधीर साव, बाबूलाल मंडल, तेजो दास, जहूर अंसारी, टहल हजारा, रोहित हजारा, मालती देवी, धर्मी देवी, कलावती देवी, पंचानंदन ओझा समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
#Giridih #NavdihaOP #CPI_ML #भाकपामाले #नवडीहा #गिरिडीह #JharkhandNews #GiridihNews #BreakingNews #LandMafia #Police #जनआंदोलन