29 वर्षों की सेवा के बाद आचार्य मनोज को भावपूर्ण विदाई, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर बरगंडा में छलकीं आंखें
गिरिडीह। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा के इतिहास में सोमवार का दिन भावुक और यादगार बन गया। विद्यालय में अपने जीवन के अमूल्य 29 वर्ष समर्पित करने वाले आचार्य मनोज जी को विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित कर अश्रुपूर्ण विदाई दी गई। समारोह के दौरान विद्यालय परिवार के आचार्य बंधु-भगिनी भावुक नजर आए।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष अर्जुन मिष्टकार एवं उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार जैन मौजूद रहे। प्रधानाचार्य आनंद कमल ने पुष्पगुच्छ एवं पुष्पमाला से आचार्य मनोज का अभिनंदन किया।
सम्मान के क्रम में अध्यक्ष अर्जुन मिष्टकार ने स्वर्ण मुद्रिका, उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार जैन ने अंगवस्त्र, आचार्य नलिन ने पोशाक, राजीव आचार्य ने घड़ी तथा आचार्य रमेश ने अटैची भेंट कर सम्मानित किया। आचार्य अशोक ओझा ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।
विद्यालय के हिंदी आचार्य एवं मीडिया प्रभारी डॉ. ब्रजेश बर्णवाल ने प्रशस्ति पत्र का वाचन करते हुए आचार्य मनोज की निष्ठा, सादगी और कर्तव्यपरायणता को याद किया। वहीं आचार्य शेखर ने स्वरचित कविता प्रस्तुत कर माहौल को भावुक बना दिया। मंच संचालन कर रहे आचार्य अजित मिश्र ने भी कविताओं के माध्यम से समारोह को यादगार बनाया।
आचार्या पृथा दीदी और आचार्य नलिन ने आचार्य मनोज के साथ बिताए अनुभव साझा किए। इस दौरान कई आचार्यों की आंखें नम हो गईं। संस्था की ओर से प्रधानाचार्य के हाथों ग्रेच्युटी एवं अर्जित अवकाश की राशि का चेक भी ससम्मान प्रदान किया गया।
प्रधानाचार्य आनंद कमल ने कहा कि आचार्य मनोज विद्यालय के स्तंभ रहे हैं। उनका अनुशासन और भैया-बहनों के प्रति वात्सल्य हमेशा प्रेरणादायी रहेगा।
अध्यक्ष अर्जुन मिष्टकार ने कहा कि 29 वर्षों के दौरान उन्होंने आचार्य मनोज को कभी क्रोधित अवस्था में नहीं देखा। वहीं उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार जैन ने उन्हें संत समान बताते हुए उनके समर्पण और कार्य के प्रति तत्परता की सराहना की।
भावुक संबोधन में आचार्य मनोज ने कहा कि विद्यालय में अपने आगमन से लेकर आज तक इसके विकास और संघर्ष के दौर को उन्होंने करीब से देखा है। उन्होंने कहा कि आचार्य होना सौभाग्य के साथ-साथ कठिन जिम्मेदारी भी है। भैया-बहनों के शैक्षिक विकास के लिए आपसी सहयोग की भावना जरूरी है।
कार्यक्रम प्रमुख आचार्य लक्ष्मीनारायण समेत विद्यालय के सभी आचार्य बंधु-भगिनी के सहयोग से समारोह सफल रहा। अंत में विद्यालय परिवार ने आचार्य मनोज के उत्तम स्वास्थ्य एवं मंगलमय जीवन की कामना की। ‘ॐ सर्वे भवन्तु सुखिनः’ के उद्घोष के साथ समारोह का समापन हुआ।
📍 स्थान: बरगंडा, गिरिडीह
📌 खबर से जुड़े शब्द: आचार्य मनोज विदाई समारोह, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर बरगंडा, Giridih News, Giridih Breaking News, Jharkhand News, शिक्षक सम्मान समारोह
#GiridihNews #Giridih #JharkhandNews #PNAIndiaNews #PNAnews #SaraswatiShishuVidyaMandir #Baraganda #AcharyaManoj #विदाईसमारोह #शिक्षकसम्मान #गिरिडीह_न्यूज #झारखंड_न्यूज