क्रिकेट को हां, नशे को ना का संदेश लेकर मैदान में उतरे युवा
नमो क्रिकेट लीग में यमुनानगर जोन की करीब 100 टीमों ने लिया हिस्सा, मेयर सुमन बहमनी ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
यमुनानगर। (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो: युवाओं को खेलों से जोड़कर नशे से दूर रखने के उद्देश्य से शनिवार को यमुनानगर जोन में नमो क्रिकेट लीग का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में युवाओं ने उत्साह और जोश के साथ भाग लिया। इस दौरान नगर निगम मेयर सुमन बहमनी ने खिलाड़ियों के बीच पहुंचकर उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें खेलों के माध्यम से स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
प्रतियोगिता में जगाधरी, रादौर, सरस्वती नगर, व्यासपुर, छछरौली और प्रतापनगर क्षेत्र से करीब 100 टीमों ने हिस्सा लिया। बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी के चलते क्रिकेट लीग ने व्यापक खेल आयोजन का रूप लिया। दिनभर विभिन्न टीमों के बीच मुकाबले हुए, जिसमें खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया। मैदान पर मौजूद दर्शकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
आयोजन समिति सदस्य विनय कंबोज ने बताया कि नमो क्रिकेट लीग का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना और समाज में “क्रिकेट को हां, नशे को ना” का संदेश पहुंचाना है। खेलों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहकर फिटनेस, अनुशासन, टीम भावना और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
मेयर सुमन बहमनी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना जरूरी है। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास भी करते हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच मिलता है।
इस अवसर पर आयोजन समिति के विनय कंबोज हरिपुर, विक्रांत कंबोज, विशेष कंबोज, शिवम साबापुर और अजय सिंह कंबोज सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। समिति ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों, खिलाड़ियों, सहयोगियों और आयोजन से जुड़े लोगों का आभार व्यक्त किया।