शहीद सुखचैन सिंह को श्रद्धांजलि दी, परिजनों से मिलीं, कुमारी सैलजा ने गांव कुत्ताबढ़ में शहीद लांस नायक सुखचैन सिंह के आवास पर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के राजौरी सेक्टर में कर्तव्य निभाते हुए मात्र 30 वर्ष की आयु में उनकी शहादत अत्यंत दु:खद है। मातृभूमि की सेवा में उनका समर्पण, साहस और कर्तव्यनिष्ठा सदैव सम्मानपूर्वक स्मरण की जाएगी। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। कुमारी सैलजा ने सिरसा स्थित गुरुद्वारा साहब दसवीं पातशाही में शिरोमणि शहीद धन-धन बाबा जीवन सिंह जी के प्रकाश पर्व पर आयोजित समागम में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि बाबा जीवन सिंह जी का त्याग, वीरता और अटूट समर्पण मानवता को सेवा, साहस और समानता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने समस्त संगत को प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर कालांवाली विधायक शीशपाल केहरवाला, पूर्व सांसद सुशील इंदौरा, कांग्रेस नेत्री कृष्णा फौगाट, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजेश चाडीवाल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता वीरभान मेहता, नवीन केडिया, राजकुमार शर्मा, सतपाल मेहता, राजन मेहता, सर्वमित्र कंबोज, लादूराम पूनिया, सुभाष जोधपुरिया मौजूद थे।