सरकारी योजना बनी सहारा, लाभार्थी के जीवन में आया सकारात्मक बदलाव।
यमुनानगर, (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो, 20 सितंबर- उपायुक्त प्रीति ने बताया कि हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के लिए आर्थिक एवं सामाजिक संबल का माध्यम बन रही हैं। योजनाओं का लाभ मिलने से अनेक लाभार्थियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है और वे आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। जनकल्याण एवं बेरोजगारों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने अनेकों ऐसी योजनाएं चलाई है, जिनका लाभ प्राप्त कर लोगों के जीवन में बदलाव आया है। प्रदेश सरकार की इन योजनाओं के कारण लोगों को अपने जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है और आत्मनिर्भर बन स्वयं को गौरवान्वित महसूस किया है।
सरकार की योजना के तहत एवं हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम से सस्ती दरों पर ऋण उपलब्ध होने से जिला के गांव अजीजपुर कलां निवासी संजीव कुमार पुत्र रेशा राम के जीवन में सकारात्मक बदलाव हुआ है। लाभार्थी संजीव कुमार ने बताया कि वे 12वीं कक्षा पढ़े लिखे है और उनके पास रोजगार का कोई उचित साधन नहीं था और बेरोजगारी के कारण अपने परिवार का गुजारा करना बहुत ही मुश्किल हो रहा था।
लाभार्थी संजीव कुमार ने बताया कि स्वयं का रोजगार चलाने के लिए उनके पास उचित धनराशि भी नहीं थी। हरियाणा सरकार की योजना की जानकारी मिलने पर वे संबंधित विभाग हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम कार्यालय से ऋण लेने के लिए आवेदन किया ताकि स्वरोजगार चला सके। उन्होंने बताया कि विभाग ने मेरा आवेदन स्वीकार कर मुझे स्वरोजगार चलाने के लिए ऋण उपलब्ध करवा दिया। इस प्रकार मैंने अपने घर में ही परचून की दुकान की और मेरा रोजगार अच्छी तरह से चलने लगा है। सरकारी योजना का लाभ मिलने के बाद उनकी स्थिति में काफी सुधार हुआ है।
लाभार्थी संजीव कुमार ने हरियाणा सरकार के साथ-साथ अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के लिए नई उम्मीद और आत्मनिर्भरता का आधार बन रही हैं। जिला प्रशासन की ओर से पात्र नागरिकों से आह्वान किया गया कि वे सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाएं। हरियाणा सरकार का अनेक सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं के लिए आवेदन और स्थिति की जानकारी उपलब्ध कराता है।