मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रत्येक वार्ड की हर कॉलोनी में होगी फॉगिंग
नगर निगम ने तीन जोन बनाकर फॉगिंग कराई शुरू, तंग गलियों में छोटी मशीनों से की जा रही फॉगिंग
यमुनानगर। मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए नगर निगम द्वारा हर वार्ड में फॉगिंग कराई जा रही है। मेयर सुमन बहमनी व नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर तीन जोन बनाकर फॉगिंग कराई जा रही है। फॉगिंग के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। जो रोजाना तीन वार्डों में फॉगिंग कर रही है, ताकि निगम क्षेत्र में मच्छरों से होने वाले डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया व अन्य बुखार और मच्छर जनित बीमारियों से निजात मिल सके।
मुख्य सफाई निरीक्षक विनोद बेनीवाल ने बताया कि महापौर सुमन बहमनी व नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर फॉगिंग कराने का कार्य शुरू करवा दिया है। फॉगिंग के लिए नगर निगम क्षेत्र को तीन जोन में बांटा गया है। जोन एक में वार्ड 1 से 8 तक, जोन 2 में वार्ड 9 से 15 व जोन तीन में वार्ड 16 से 22 तक का क्षेत्र शामिल है। जोन एक में मुख्य सफाई निरीक्षक हरजीत सिंह, जोन दो में मुख्य सफाई निरीक्षक गोविंद शर्मा व जोन तीन में मुख्य सफाई निरीक्षक अमित कांबोज के नेतृत्व में टीमें गठित की गई है। तीन जोन में फॉगिंग के लिए दो बड़ी मशीनें व 12 छोटी मशीन है। बड़ी मशीन को ऑटो व निगम के कारगस वाहन में रखकर मुख्य मार्ग, सड़कों व चौड़ी गलियों में फॉगिंग कराई जा रही है। छोटी मशीनों से कॉलोनियों व गांवों की छोटी गलियों में फॉगिंग की जा रही है। अभी वार्ड एक, 22 और नौ में फॉगिंग कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि सड़कों व चौड़ी गलियों में निगम के कारगस वाहन व अन्य वाहन में बड़ी मशीन रखकर फॉगिंग कराई गई। वहीं, छोटी व तंग गलियों में निगम कर्मियों ने बाइक पर व पैदल छोटी मशीनों से फॉगिंग कराई। उन्होंने बताया कि हर वार्ड में दो चरणों में फॉगिंग कराई जाएगी। इसके लिए शेड्यूल तैयार किया जा रहा है। रोजाना दो वार्डों में फॉगिंग कराई जाएगी। बारिश में फॉगिंग नहीं कराई जाएगी। फॉगिंग के दौरान जहां से पानी निकलना मुश्किल है, वहां पर तेल व दवा डाली जा रही है, ताकि रुके हुए पानी में मच्छर का लार्वा न पनप सके। उन्होंने शहरवासियों से भी अपील की है कि वे अपने आसपास पानी जमा न होने दे। जहां पानी जमा है, वहां पर तेल डाल दें। घरों की छतों पर रखे सामान में भी अधिक दिन तक पानी न जमा होने दे। बारिश के बाद छतों पर रखे सामान से पानी निकाल दें, ताकि उनमें मच्छर न पनप पाए। आसपास गंदगी जमा न होने दे।
------------
जाने कब होगी आपके वार्ड में फॉगिंग -
वार्ड 22 में 11 सितंबर से 28 सितंबर तक, 21 में 29 सितंबर से 12 अक्टूबर तक, वार्ड 20 में 13 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक, वार्ड 19 में दो नवंबर से 10 नवंबर तक, वार्ड 18 में 11 नवंबर से 19 नवंबर तक, वार्ड 17 में 11 सितंबर से 19 सितंबर तक, वार्ड 16 में 21 सितंबर से एक अक्तूबर तक और वार्ड 15 में 3 अक्टूबर से 5 नवंबर तक फॉगिंग की जाएगी।