डॉक्टर्स डे पर जनपद के पांच चिकित्सकों का सम्मान, भारतीय युवा चेतना मंच ने किया अभिनंदन
शाहजहांपुर।डॉक्टर्स डे के अवसर पर भारतीय युवा चेतना मंच, शाहजहांपुर ने चिकित्सा सेवा और समाज के प्रति निस्वार्थ समर्पण के लिए जनपद के पांच प्रमुख चिकित्सकों को सम्मानित किया। मंच के पदाधिकारियों ने चिकित्सकों के अस्पताल पहुंचकर उन्हें माल्यार्पण, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष नरेंद्र कुमार त्यागी ने कहा कि चिकित्सक धरती पर ईश्वर का स्वरूप हैं, जो लोगों को नया जीवन देने का कार्य करते हैं। उन्होंने सभी डॉक्टरों को डॉक्टर्स डे की शुभकामनाएं देते हुए उनके अमूल्य योगदान की सराहना की।इस दौरान डॉ. सत्य प्रकाश मिश्रा सत्यानंद अस्पताल, डॉ. हर्षित एडीएमओ, रेलवे रोजा , डॉ. विजय पाठक सारस्वत चिकित्सालय , डॉ. यू.डी. कपूर कपूर अस्पताल तथा डॉ. कीर्ति टंडन टंडन नर्सिंग होम को सम्मानित किया गया।मंच के संयोजक प्रदीप कुमार मिश्र ने कहा कि भारतीय युवा चेतना मंच हमेशा समाज के लिए समर्पित चिकित्सकों का सम्मान करता रहा है। इस अवसर पर डॉ. विजय पाठक ने बताया कि प्रसिद्ध चिकित्सक एवं स्वतंत्रता सेनानी डॉ. बिधान चंद्र रॉय के जन्मदिवस 1 जुलाई को उनकी स्मृति में पूरे देश में डॉक्टर्स डे मनाया जाता है। उन्हें वर्ष 1961 में भारत रत्न से सम्मानित किया गया था।सम्मान के बाद डॉ. सत्य प्रकाश मिश्रा ने भारतीय युवा चेतना मंच का आभार व्यक्त किया। डॉ. यू.डी. कपूर ने सभी के स्वस्थ रहने की कामना करते हुए मंच को धन्यवाद दिया। डॉ. कीर्ति टंडन ने महिलाओं से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की अपील की, जबकि डॉ. हर्षित ने कहा कि इस प्रकार का सम्मान चिकित्सकों को समाज सेवा के लिए नई ऊर्जा प्रदान करता है।