शाहजहाँपुर में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारम्भ
जिलाधिकारी ने रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
शाहजहाँपुर। जनपद में 01 से 31 जुलाई 2026 तक संचालित होने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 11 से 31 जुलाई 2026 तक चलने वाले दस्तक अभियान का शुभारम्भ बुधवार को जिलाधिकारी द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर से जनजागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि विभिन्न विभागों और आमजन की सहभागिता से ही अभियान को सफल बनाया जा सकता है।जिलाधिकारी ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप नगर विकास, पंचायतीराज, स्वास्थ्य, पशुपालन, बाल विकास एवं पुष्टाहार, शिक्षा, कृषि, सिंचाई, उद्यान, दिव्यांगजन सशक्तीकरण तथा सूचना विभाग के समन्वय से पूरे माह व्यापक जनजागरूकता एवं नियंत्रण संबंधी गतिविधियाँ संचालित की जाएंगी। उन्होंने सभी विभागों को अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करते हुए अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के निर्देश दिए।अभियान के अंतर्गत नगर निकायों द्वारा साफ-सफाई, फॉगिंग, शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने, खुले में शौच मुक्त वातावरण बनाए रखने तथा मच्छरों की रोकथाम के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम विकास अधिकारियों के नेतृत्व में स्वच्छता, जल निकासी, शुद्ध पेयजल, झाड़ियों एवं तालाबों की सफाई तथा छिड़काव जैसे कार्य कराए जाएंगे। नगर एवं ग्राम स्तर पर गठित निगरानी समितियाँ दिमागी बुखार, वेक्टर जनित एवं जलजनित रोगों के प्रति लोगों को निरंतर जागरूक करेंगी।बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें पुष्टाहार उपलब्ध कराएगा, जबकि शिक्षा विभाग विद्यालयों में हाथ धोने, शुद्ध पेयजल, क्लोरीनेशन, शौचालय उपयोग एवं स्वच्छता के प्रति विद्यार्थियों और अभिभावकों को जागरूक करेगा। पशुपालन विभाग पशुपालकों को जागरूक करते हुए सुकर बाड़ों को आबादी से दूर स्थापित कराने पर बल देगा।कृषि एवं सिंचाई विभाग जलभराव रोकने, मच्छरों के प्रजनन पर नियंत्रण, नहरों के आसपास सफाई तथा मच्छररोधी पौधों के रोपण को बढ़ावा देगा। स्वास्थ्य विभाग संचारी रोगों एवं बुखार के मामलों की निगरानी, कोविड जांच एवं टीकाकरण, क्षय रोगियों की जांच एवं उपचार, रोगी परिवहन तथा वाहक नियंत्रण गतिविधियों का संचालन करेगा। वहीं उद्यान विभाग सार्वजनिक स्थलों एवं विद्यालयों में मच्छर विकर्षी पौधों का रोपण करेगा तथा दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग दिव्यांग बच्चों के लिए आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने एवं पुनर्वास सेवाओं को सुदृढ़ करेगा।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, सिटी मजिस्ट्रेट, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कृषि रक्षा अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, नगर स्वास्थ्य अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Shahjahanpur, Shahjahanpur | Jul 1, 2026