कल का दिन मेरे लिए सिर्फ एक वीडियो क्रिएटर या जर्नलिस्ट के तौर पर बड़ा दिन नहीं था, बल्कि एक ऐसी लंबी यात्रा का भावुक पड़ाव था, जिसे हम वर्ष 2020 से लगातार जीते आ रहे हैं।
मोकामा में गंगा पर बन रहे इस मेगा रेल ब्रिज के निर्माण की शुरुआत से लेकर इसके हर महत्वपूर्ण चरण को हमने और हमारी टीम ने अपने कैमरे में रिकॉर्ड किया। पिलर खड़े होने से लेकर स्टील ट्रस के इरेक्शन, ट्रैक बिछने और आखिरकार ट्रेन परिचालन तक—इस ब्रिज को हमने सिर्फ बनते हुए नहीं देखा, बल्कि इसके निर्माण के हर पड़ाव को आपके साथ जिया है।
कई बार ऐसा महसूस हुआ जैसे इस पुल के निर्माण में हमारी भी कोई छोटी-सी भूमिका हो—क्योंकि जब-जब यहाँ कोई नया काम हुआ, हमने कोशिश की कि उसकी तस्वीरें सबसे पहले आप तक पहुँचें।
कल जब पहली बार इस नए ब्रिज से एक के बाद एक ट्रेनें दौड़ने लगीं, तो वह पल मेरे लिए बेहद भावुक था। कैमरा चल रहा था, लेकिन मन उन पुरानी तस्वीरों में लौट गया—जब यहाँ सिर्फ नींव और पिलर दिखाई देते थे और हम सोचते थे कि एक दिन इसी जगह से ट्रेनें गुजरेंगी।
बहुत कम ऐसा होता है कि आपके कैमरे से रिकॉर्ड की गई तस्वीरें पूरे देश में इंटरनेट पर वायरल हो जाएँ। आज मोकामा के इस नए रेल ब्रिज की हमारी टीम द्वारा रिकॉर्ड की गई कई तस्वीरें और वीडियो देशभर के सोशल मीडिया पेजों पर दिखाई दे रहे हैं। एक कंटेंट क्रिएटर के लिए इससे बड़ी खुशी शायद ही कोई हो सकती है।
अब कोशिश है कि जल्द ही इस पूरे सफर पर एक डिटेल वीडियो आपके सामने लाया जाए—जिसमें आप फिर से देख सकें कि वर्ष 2020 से लेकर ट्रेन परिचालन शुरू होने तक इस मेगा रेल ब्रिज का निर्माण किस तरह एक-एक चरण आगे बढ़ता गया।
आज एक बार फिर इसी ब्रिज के सामने ली गई कुछ तस्वीरें आपके साथ साझा कर रहा हूँ।
कमेंट में जरूर बताइएगा—क्या आपने भी इस मोकामा रेल ब्रिज के निर्माण की इस पूरी यात्रा को हमारे साथ जिया है?
Bihar, India | Oct 6, 2026