जनगणना-2027: स्वगणना अभियान का शुभारंभ, 30 नवंबर तक दर्ज कर सकेंगे परिवार की जानकारी
हरदोई। जनगणना-2027 के तहत स्वगणना अभियान की शुरुआत सोमवार, 16 नवंबर से हो गई। यह अभियान 30 नवंबर 2026 तक चलेगा। अभियान के शुभारंभ पर कलेक्ट्रेट स्थित स्वामी विवेकानन्द सभागार में कार्यशाला एवं विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम नागरिकों को स्वगणना की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही उपस्थित लोगों ने मौके पर ही ऑनलाइन स्वगणना भी की।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रदेश की उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी रहीं। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, भाजपा जिलाध्यक्ष अजित सिंह बब्बन, जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल, नगर पालिका अध्यक्ष सुख सागर मिश्र और अपर जिलाधिकारी दीपाली भार्गव सहित तमाम गणमान्य लोग मौजूद रहे।
*दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का आगाज*
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। इसके बाद सभी अतिथियों ने जनजागरूकता के लिए तैयार किए गए प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को स्वगणना के प्रति जागरूक करेंगे। सभागार में स्वगणना विषय पर तैयार की गई आकर्षक रंगोली भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। अतिथियों ने इसकी सराहना की।
*जनगणना के आंकड़े विकास की योजनाओं का बनेंगे आधार*
राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि जनगणना देश के भविष्य की योजनाओं और विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसके आंकड़ों के आधार पर जनकल्याणकारी नीतियों के निर्माण में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह गौरव की बात है कि नागरिकों को स्वयं अपने परिवार की जानकारी दर्ज करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि 30 नवंबर तक पोर्टल पर अपने परिवार से संबंधित सभी आवश्यक जानकारियां सही तरीके से दर्ज करें।
*समय से स्वगणना पूरी करने की अपील*
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। इसमें प्रत्येक परिवार की भागीदारी जरूरी है। भाजपा जिलाध्यक्ष अजित सिंह बब्बन ने भी लोगों से अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि व्यापक जनसहभागिता से ही स्वगणना अभियान को सफल बनाया जा सकता है।
Hardoi, Hardoi | Nov 18, 2026